Prayagraj : महाकुंभ में उत्तराखंड, दिल्ली और हरियाणा रोडवेज का भी होगा संगम, परमिट पर चल रही चर्चा
यूपी रोडवेज के क्षेत्रीय प्रबंधक एमके द्विवेदी ने महाकुंभ मेले से जुड़ी तैयारियों की समीक्षा की और समय अवधि में कार्य पूरा करने का निर्देश जारी किया। उन्होंने राजापुर रोडवेज कार्यालय में अधिकारियों के साथ बैठक कर कुंभ से जुड़ी तैयारियों की जानकारी ली।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
शहर में लगने वाले महाकुंभ के दौरान यात्रियों की आवाजाही के लिए सिर्फ यूपी रोडवेज ही नहीं बल्कि आसपास के राज्यों में चलने वाली रोडवेज बसों का भी संचालन होगा। महाकुंभ के मौके पर तकरीबन दो माह के लिए प्रयागराज अंतरराज्यीय बसों के संचालन का हब बन जाएगा।
यहां से उत्तराखंड, हरियाणा, दिल्ली, राजस्थान के प्रमुख शहरों के लिए बसें संचालित होंगी। दूसरे राज्यों से आने वाली बसों के लिए परमिट आदि की प्रक्रिया शासन स्तर से शुरू हो रही है।
महाकुंभ को लेकर यूपी रोडवेज ने चरणबद्ध तरीके से बसों के संचालन की तैयारी की है लेकिन उनका संचालन प्रदेश के शहरों के लिए होगा। आसपास के राज्यों से आने वाले लोगों की आवाजाही के लिए पड़ोसी राज्यों ने भी महाकुंभ के दौरान बसों के संचालन की तैयारी की है। महाकुंभ के दौरान हरियाणा के अंबाला, कुरुक्षेत्र, करनाल, उत्तराखंड के हल्द्वानी, हरिद्वार तो राजस्थान के अलवर, जयपुर, भरतपुर आदि शहरों से प्रयागराज के लिए सीधी बस सेवा यात्रियों को उपलब्ध होगी।
इसके अलावा देश की राजधानी दिल्ली से संचालित डीटीसी बसें भी प्रयागराज के लिए संचालित की जाएंगी। चंडीगढ़ से भी प्रयागराज के लिए महाकुंभ के दौरान सीधी बस सेवा शुरू किए जाने की तैयारी चल रही है। बताया जा रहा है कि पंजाब और हिमाचल प्रदेश रोडवेज से भी प्रयागराज के लिए बसों का संचालन हो सकता है। इस बारे में यूपी रोडवेज के क्षेत्रीय प्रबंधक एमके त्रिवेदी का कहना है कि दूसरे राज्यों में चलने वाली रोडवेज बसें प्रयागराज आ सकती हैं। परमिट आदि का कार्य शासन स्तर से होगा।
महाकुंभ में आठ अस्थायी बस स्टेशन से ही होगा बसों का संचालन
प्रयागराज। महाकुंभ के दौरान प्रयागराज में यूपी रोडवेज द्वारा आठ अस्थायी बस स्टेशन तैयार किए जा रहे हैं। इन्हीं अस्थायी बस स्टेशनों से बसों का संचालन किया जाएगा। रविवार को प्रयागराज पहुंचे रोडवेज के अपर प्रबंध निदेशक रामसिंह वर्मा को बताया गया कि महाकुंभ मेले में चरणबद्ध तरीके से बसों का संचालन होगा।
राजापुर स्थित क्षेत्रीय प्रबंधक कार्यालय में हुई बैठक में अपर प्रबंध निदेशक को बताया गया कि महाकुंभ के स्नान पर्व को कुल तीन चरणों में बांटा गया है। पहला चरण 12 जनवरी से 23 जनवरी, दूसरा चरण 24 जनवरी से सात फरवरी और तीसरा चरण आठ फरवरी से 27 फरवरी तक रहेगा।
इन तीन चरणों में क्रमश: 3050, 7000 और 3050 बसों का संचालन होगा। पहले और तीसरे चरण में यूपी रोडवेज के दस रीजन और दूसरे चरण में सभी 19 रीजन की बसों का आवागमन प्रयागराज होगा। बैठक में बताया गया कि प्रयागराज में बसों के लिए सात चेक पोस्ट भी बनाए जा रहे हैं। इसके अलावा सेंट्रल कंट्रोल रूम झूंसी में, क्षेत्रीय कंट्रोल रूम राजापुर स्थित क्षेत्रीय प्रबंधक कार्यालय में बनाया जाएगा। इस दौरान अपर प्रबंध निदेशक ने लीडर रोड वर्कशॉप का भी निरीक्षण किया।
- झूंसी बस स्टेशन : दोहरीघाट, बडहलगंज, गोला, उरूवा, खजनी, सीकरीगंज, गोरखपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया एवं संबद्ध मार्ग।
- दुर्जनपुर बस स्टेशन : मेला प्रशासन द्वारा झूंसी बस स्टेशन पर अगर बसों का संचालन रोका जाता है तो झूंसी स्टेशन से संचालित बसें दुर्जनपुर से चलाई जाएंगी।
- सरस्वती गेट बस स्टेशन : बदलापुर, टांडा, पदमपुर, कमरियाघाट, वाराणसी एवं संबद्ध मार्ग।
- नेहरू पार्क बस स्टेशन : कानपुर, कौशाम्बी एवं संबद्ध मार्ग।
- बेली कछार बस स्टेशन : मेला प्रशासन द्वारा नेहरू पार्क बस स्टेशन बंद होने पर वहां से संचालित बसें बेली कछार बस स्टेशन से चलेंगी।
- बेला कछार बस स्टेशन : रायबरेली, लखनऊ, अयोध्या, गोंडा, बस्ती, बहराइच एवं संबद्ध मार्ग।
- सरस्वती हाईटेक सिटी : विंध्याचल, मिर्जापुर, शक्तिनगर एवं संबद्ध मार्ग।
- लेप्रोसी मिशन चौराहा : बांदा, चित्रकूट, रीवां, सींधी एवं संबद्ध मार्ग।