Prayagraj : कारोबारी की पत्नी को प्रेमजाल में फंसाकर धर्मांतरण कराने की साजिश का आरोप
चौक क्षेत्र निवासी एक कारोबारी ने अपनी पत्नी को कथित रूप से प्रेमजाल में फंसाकर धर्मांतरण कराने की साजिश रचे जाने का आरोप लगाया है। मामले में मुठ्ठीगंज पुलिस ने ससुरालजनों समेत मुस्लिम एक अज्ञात युवक के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।
विस्तार
चौक क्षेत्र निवासी एक कारोबारी ने अपनी पत्नी को कथित रूप से प्रेमजाल में फंसाकर धर्मांतरण कराने की साजिश रचे जाने का आरोप लगाया है। मामले में मुठ्ठीगंज पुलिस ने ससुरालजनों समेत मुस्लिम एक अज्ञात युवक के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।
कारोबारी ने मुख्यमंत्री व पुलिस को दी शिकायत बताया कि उनका विवाह वर्ष 2017 में लखनऊ निवासी युवती के साथ हुआ था। दोनों के दो बच्चे हैं। माता-पिता का निधन बीमारी के चलते हो चुका है और परिवार में पत्नी, बच्चे व बहन ही हैं। बहन के वैवाहिक जीवन में आई परेशानियों के बाद उसके मायके लौटने से घर का माहौल प्रभावित हुआ और इसी बात को लेकर पत्नी व बहन के बीच अक्सर विवाद होने लगा।
शिकायतकर्ता का कहना है कि परिवार के बुजुर्गों की मौजूदगी में विवाद समाप्त कराने के लिए कई बार समझौते का प्रयास किया गया। यहां तक कि अलग व्यवस्था बनाकर रहने का निर्णय भी लिया गया, लेकिन आर्थिक परिस्थितियों के चलते वह व्यवस्था लागू नहीं हो सकी। इसके बाद भी घरेलू विवाद जारी रहे।
पत्नी का व्यवहार बदलने पर शक
पीड़ित का आरोप है कि अप्रैल 2025 में उनकी पत्नी अपने भाई के विवाह समारोह में शामिल होने के लिए लखनऊ गई थी और लगभग दो महीने तक वहीं रही। जून में वापस लौटने के बाद उसके व्यवहार में अचानक बदलाव देखने को मिला। उसने दूरी बना ली और अलग कमरे में रहने लगी। इसी दौरान जानकारी मिली कि पत्नी देर रात तक किसी मुसिलम युवक से मोबाइल फोन पर लंबी बातचीत करती है। आरोप है कि जब पत्नी से पूछा तो उसने तलाक की मांग कर दी।
बच्चों के भविष्य को बताया खतरा
आरोप लगाया कि पत्नी को एक मुस्लिम युवक ने प्रेमजाल में फंसा लिया है। उक्त युवक पत्नी और बच्चों का धर्मांतरण कराने की कोशिश कर रहा है। आशंका है कि पत्नी उस युवक के प्रभाव में आकर कोई भी कदम उठा सकती है, जिससे बच्चों के भविष्य और सुरक्षा पर खतरा उत्पन्न हो सकता है। पुलिस का कहना है कि दूसरे पक्ष का बयान लिया जाना बाकी है। जांच पूरी होने और पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद ही मामला स्पष्ट हो सकेगा।