इलाहाबाद विवि : बीए में प्रवेश के लिए सबसे अधिक दावेदार, दूसरे नंबर पर BSc में दाखिले के लिए हुए रजिस्ट्रेशन
इविवि एवं संघटक महाविद्यालयों में प्रवेश के लिए इस बार रिकाॅर्ड रजिस्ट्रेशन हुए हैं और पहली बार इतनी बड़ी संख्या में अभ्यर्थी काउंसलिंग में शामिल होंगे। काउंसलिंग ऑनलाइन माध्यम से कराई जाएगी, जो अगले हफ्ते से शुरू हो सकती है।
विस्तार
इलाहाबाद विश्वविद्यालय (इविवि) एवं संघटक महाविद्यालयों में स्नातक प्रवेश के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया पूरी हो गई है। कुल 625014 अभ्यर्थियों ने रजिस्ट्रेशन कराए हैं और इनमें से 49519 अभ्यर्थियों ने रजिस्ट्रेशन शुल्क जमा किया है। शुल्क जमा करने वाले अभ्यर्थियों को ही काउंसलिंग में शामिल होने का मौका मिलेगा, जिसमें सबसे अधिक 17774 अभ्यर्थियों ने बीए में दाखिले के लिए दावेदारी की है।
इविवि एवं संघटक महाविद्यालयों में प्रवेश के लिए इस बार रिकाॅर्ड रजिस्ट्रेशन हुए हैं और पहली बार इतनी बड़ी संख्या में अभ्यर्थी काउंसलिंग में शामिल होंगे। काउंसलिंग ऑनलाइन माध्यम से कराई जाएगी, जो अगले हफ्ते से शुरू हो सकती है। बीए के बाद दूसरे नंबर 14177 अभ्यर्थियों ने बीएससी में दाखिले के लिए दावेदारी की है। इनमें बीएससी गणित में दाखिले के लिए 8266 और बीएससी बायो में दाखिले के लिए 5911 अभ्यर्थियों ने रजिस्ट्रेशन शुल्क जमा किया है।
इस बार कॉमर्स के मुकाबले विधि में दाखिले के लिए अभ्यर्थियों ने अधिक रुचि दिखाई है। बीकाॅम में प्रवेश के लिए 6433 अभ्यर्थियों और बीएएलएलबी में प्रवेश के लिए 6813 अभ्यर्थियों ने रजिस्ट्रेशन शुल्क जमा किया है। इविवि प्रवेश प्रकोष्ठ के निदेशक प्रो. जेके पति ने बताया कि अब तक के इतिहास में इविवि में सर्वाधिक रजिस्ट्रेशन हुए हैं। काउंसलिंग प्रक्रिया शुरू करने में 10 दिनों का वक्त लग सकता है।
पाठ्यक्रम - रजिस्ट्रेशन शुल्क जमा करने वालों की संख्या
बीवोक फूड प्रोसेसिंग - 78
बीवोक मीडिया प्रोडक्शन - 32
बीवोक साॅफ्टवेयर डेवपलमेंट - 210
बीए मीडिया स्टडीज - 147
बीए फैशन डिजाइन एंड टेक्नोलॉजी - 131
बैचलर ऑफ फाइन आर्ट्स - 613
बैचलर ऑफ परफॉर्मिंग आर्ट्स - 85
बीसीए - 1585
पांच वर्षीय बीसीए एवं एमसीए (डाटा साइंस) - 559
पांच वर्षीय फूड टेक्नोलॉजी प्रोग्राम - 155
आपदा प्रबंधन एवं पर्यावरण अध्ययन में पांच वर्षीय इंटीग्रेटेड कोर्स - 65
फैमिली एंड कम्युनिटी साइंसेज (बीएससी एवं एमससी होमसाइंस) में पांच वर्षीय इंटीग्रेटेड प्रोग्राम - 70
प्रबंधन (बीबीए एवं एमबीए) में पांच वर्षीय इंटीग्रेटेड प्रोग्राम - 592