इलाहाबाद विश्वविद्यालय प्रवेश परीक्षा : पीजी के छह विषयों के परिणाम जारी, आदित्य, विशाल और शिवानी रहे अव्वल
इलाहाबाद विश्वविद्यालय (इविवि) एवं संघटक महाविद्यालयों में परास्नातक के छह पाठ्यक्रमों की प्रवेश परीक्षा का परिणाम बृहस्पतिवार को जारी कर दिया गया। आदित्य, विशाल, शिवानी, शोएबा, सोहिनी और शुभम पीजी के विभिन्न पाठ्यक्रमों की प्रवेश परीक्षा के टॉपर रहे। प्रवेश परीक्षा का परिणाम इविवि की वेबसाइट पर जारी कर दिया गया है।
इविवि प्रवेश प्रकोष्ठ के चेयरमैन प्रो. आशीष सक्सेना एवं निदेशक प्रो. आईआर सिद्दीकी के अनुसार एमएसी बायोकेमेस्ट्री की प्रवेश परीक्षा में आदित्य कपूर, सौरभ गुप्ता एवं रोशनी सिंह, एमएससी इन इंवायर्नमेंटल साइंस में विशाल मिश्र, कार्तिक राना एवं अमिषा पाठक, एमएससी इन टेक्सटाइल एंड अपेरल डिजाइनिंग में शोएबा अली, तरन्नुम खातून एवं प्रिया सिंह और एमएससी फूड एंड न्यूट्रिशन में शिवानी पांडेय, अंकित चावला एवं उपासना सिंह क्रमश: पहले, दूसरे एवं तीसरे स्थान पर रहे।
वहीं, मास्टर इन फाइन आर्ट्स (एमएफए) में शुभम तिवारी एवं जिम्मी चौधरी संयुक्त रूप से पहले और शरिमा असलम तीसरे स्थान पर रहीं। एमएससी बायोटेक्नोलॉजी की प्रवेश परीक्षा में सोहिनी साहा ने टॉप किया। अर्फिया सिद्दीकी ने दूसरा स्थान और विद्युषी यादव एवं सौरव गुप्ता संयुक्त रूप से तीसरे स्थान पर रहे।
बीए में प्रवेश के लिए काउंसलिंग 28 नवंबर से
इलाहाबाद विश्वविद्यालय में प्रवेश के लिए काउंसलिंग 28 नवंबर से शुरू होने जा रही है। प्रवेश प्रक्रिया के समन्वयक प्रो. एआर सिद्दीकी के अनुसार, 28 नवंबर को सभी श्रेणी में 210 एवं अधिक अंक प्राप्त करने वाले और एसटी वर्ग के सभी अभ्यर्थियों को काउंसलिंग में शामिल होना है। इसके अलावा 29 नंवबर को सभी श्रेणी में 210 या अधिक अंक और एसटी वर्ग के सभी अभ्यर्थियों और 30 नवंबर को सभी श्रेणी में 194 या अधिक अंक पाने वाले और एसटी वर्ग के सभी अभ्यर्थियों की काउंसलिंग होगी। स्नातक में प्रवेश संबंधी काउंसलिंग के लिए विद्यार्थियों को सुबह 9.30 से 12.30 के बीच रिपोर्ट करनी है। काउंसलिंग/प्रवेश अपराह्न दो बजे से शुरू होंगे।