इलाहाबाद विश्वविद्यालय : आइसा ने कैंपस में कराया जनमत संग्रह, शिक्षा और रोजगार के लिए छात्रों ने किया वोट
जनमत संग्रह में लोगों ने वैलेट पेपर पर मौजूद सवालों में हां या ना में जवाब दिया तथा उसे बैलेट बॉक्स में रख दिया। साइंस फैकल्टी के गेट पर लगाए गए बूथ पर हजारों की संख्या में छात्र-छात्राओं ने मतदान में भाग लिया।
विस्तार
ऑल इंडिया स्टूडेंट एसोसिएशन (आइसा) ने इलाहाबाद विश्वविद्यालय के साइंस फैकल्टी और आर्ट्स फैकल्टी में जनमत संग्रह कराया। राष्ट्रीय अभियान- यंग इंडिया रेफरेंडम 2024 के तहत कराए गए जनमत संग्रह में इलाहाबाद विश्वविद्यालय के छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़ कर हिस्सा लिया। इस जनमत संग्रह के माध्यम से छात्र-छात्राओं ने सफ़लता पूर्वक शिक्षा और रोजगार जैसे जरूरी सवालों के लिए वोट किया।
जनमत संग्रह में लोगों ने वैलेट पेपर पर मौजूद सवालों में हां या ना में जवाब दिया तथा उसे बैलेट बॉक्स में रख दिया। साइंस फैकल्टी के गेट पर लगाए गए बूथ पर हजारों की संख्या में छात्र-छात्राओं ने मतदान में भाग लिया। इसी तरह आर्ट्स फैकल्टी के गेट पर भी हजारों की संख्या में छात्र छात्राओं ने मतदान की प्रक्रिया में उत्साह पूर्वक भाग लिया। मतदान प्रक्रिया में इंकलाबी नौजवान सभा के प्रदेश सचिव कॉमरेड सुनील मौर्य बतौर पर्यवेक्षक के रूप में मौजूद रहें।
नौ जनवरी को खोली जाएगी मतपेटी
दोनों बॉक्स को सील बंद करके सुरक्षित रख दिया गया है जिसे नौ जनवरी को गणना के लिए खोला जाएगा। इस पूरी चुनाव प्रक्रिया पर आइसा प्रदेश उपाध्यक्ष मनीष कुमार ने कहा की जब समाज में नफरत, उन्माद और हिंसा की राजनीति की जा रही हैं, ऐसे में आइसा द्वारा कराए जा रहे जनमत संग्रह में छात्र छात्राओं ने शिक्षा,रोजगार और छात्रवृत्ति के सवाल पर वोट करके यह दिखाया है कि 2024 में जब एक बार फिर सरकार जनता के सवालों से दूर सांप्रदायिकता व विकास के झूठे दावे पर चुनाव लड़ लेना चाहती है उस दौर में आइसा पूरे देश में छात्र युवाओं के सवालों पर जनमत कराकर 2024 में शिक्षा और रोजगार के चुनाव के एजेंडे को तय कर रहा हैं।
आगामी लोकसभा चुनाव 2024 को ध्यान में रखते हुए युवाओं के बीच शिक्षा और रोजगार जैसे जरूरी सवालों को प्रमुखता से लाने के लिए यंग इंडिया रेफरेंडम कराया जा रहा है। जनमत संग्रह कराने में शिवरतन, सोनू,साक्षी,कंचन, भानु,राहुल,विधा सागर सुजीत,शिवम,शशांक प्रदीप इत्यादि विश्वविद्यालय के छात्र-छात्राएं शामिल रहे।