Allahabad University : बीएससी में 59 फीसदी परीक्षार्थी प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण
इलाहाबाद विश्वविद्यालय (इविवि) एवं संघटक महाविद्यालयों में बीएससी तृतीय वर्ष सत्र 2019-20 का परिणाम शुक्रवार को जारी कर दिया गया। 59 फीसदी विद्यार्थी प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण घोषित किए गए है। बीएससी तृतीय वर्ष की परीक्षा 14 सितंबर से शुरू कराई गई थी।
कोविड-19 के मद्देनजर इस बार इविवि प्रशासन ने स्नातक अंतिम वर्ष की पीरक्षा पहली बार ऑनलाइन परीक्षा आयोजित की थी। जबकि, द्वितीय एवं तृतीय वर्ष के विद्यार्थियों को अगली कक्षा में प्रमोट कर दिया गया था। हालांकि ऑनलाइन परीक्षा के दौरान इविवि प्रशासन को तकनीकी गड़बडिय़ों के कारण कई चुनौतियों का सामना करना पड़ा और रिजल्ट तैयार करने के लिए अतिरिक्त मशक्कत करनी पड़ी।
इविवि एवं संघटक महाविद्यालयों में बीएससी तृतीय वर्ष में 1371 विद्यार्थी पंजीकृत थे। इनमें से छह विद्यार्थी परीक्षा में अनुपस्थित रहे। वहीं, परीक्षा में शामिल 804 परीक्षार्थी प्रथम श्रेणी और 540 परीक्षार्थी द्वितीय श्रेणी में उत्तीर्ण घोषित किए गए। केवल दो अभ्यर्थी तृतीय श्रेणी में उत्तीर्ण हैं, जबकि 11 विद्यार्थी फेल हो गए हैं। इसके अलावा आठ परीक्षार्थियों के रिजल्ट अभी तैयार नहीं किए जा सके हैं।
अंकों से असंतुष्ट परीक्षार्थियों को एक अन्य मौका
इविवि के परीक्षा नियंत्रक प्रो. रामेंद्र सिंह के अनुसार जो अभ्यर्थी अपने अंकों से संतुष्ट नहीं हैं या परीक्षा में फेल हो गए हैं, उन्हें कोविड-19 गाइडलाइन के तहत पुन:परीक्षा में एक और मौका दिया जाएगा। पुन: परीक्षा ऑफलाइन मोड में आयोजित की जाएगी और जल्द ही इस कार्यक्रम जारी किया जाएगा।
वर्षों बाद नकल के कॉलम में शून्य
इविवि में वर्षों बाद किसी परीक्षा के रिजल्ट में नकल के कॉलम में शून्य दर्शाया गया है। परीक्षा ऑनलाइन मोड में आयोजित की गई थी, लेकिन इसके लिए अलग से कोई परीक्षा केंद्र नहीं बनाया गया था। परीक्षार्थियों ने घर बैठकर ऑनलाइन मोड में परीक्षा दी थी।