Allahabad University : प्रवेश के लिए 26 विदेशी छात्रों ने दिखाई रुचि, पिछले साल सिर्फ तीन ने लिया था प्रवेश
इलाहाबाद विश्वविद्यालय (इविवि) में परास्नातक प्रवेश के लिए आवेदन की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और अब जल्द ही विदेशी छात्रों के प्रवेश के लिए आवेदन शुरू होंगे। इस बार 26 विदेशी छात्रों ने इलाहाबाद विश्वविद्यालय में प्रवेश के लिए रुचि दिखाई है।
विस्तार
इलाहाबाद विश्वविद्यालय (इविवि) में परास्नातक प्रवेश के लिए आवेदन की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और अब जल्द ही विदेशी छात्रों के प्रवेश के लिए आवेदन शुरू होंगे। इस बार 26 विदेशी छात्रों ने इलाहाबाद विश्वविद्यालय में प्रवेश के लिए रुचि दिखाई है।
इविवि समेत देश के सभी विश्वविद्यालयों में भारत सरकार के स्टडी इंडियन पोर्टल के माध्यम से प्रवेश लिए जाते हैं। पिछले साल केवल सात विदेशी छात्रों ने इविवि में प्रवेश के लिए रुचि दिखाई थी और बाद में इनमें से केवल तीन छात्रों ने ही विश्वविद्यालय में प्रवेश लिए था। लेकिन, इस बार स्थिति काफी बेहतर है।
भारत सरकार के स्टडी इंडियन पोर्टल पर 26 विदेशी छात्रों ने इलाहाबाद विश्वविद्यालय में प्रवेश लेने की इच्छा जताई है। इनमें बांग्लादेश, इंडोनेशिया व नेपाल के छात्र हैं। बांग्लादेश से हिंदू छात्रों के आवेदन ही आए हैं। इन छात्रों को 12 अंकों वाला एक यूनिक आईडी नंबर जारी किया जाएगा, जिसके माध्यम से इनका वीजा बनेगा और इसी के जरिये उनके आवेदन को आगे बढ़ाया जाएगा।
इविवि में इंटरनेशनल स्टूडेंट एडवाइजर प्रो. विष्णु प्रभाकर का कहना है कि स्टडी इंडिया पोर्टल पर इलाहाबाद विश्वविद्यालय में प्रवेश लेने के लिए पिछले साल के मुकाबले इस बार चार गुना अभ्यर्थियों ने रुचि दिखाई है।
नोटिफिकेशन जारी होते ही आवेदन की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। विदेशी छात्र अंतरराष्ट्रीय छात्र सलाहकार, इलाहाबाद विश्वविद्यालय https://www.allduniv.ac.in/administration/international-students-advisor के माध्यम से आवेदन करेंगे।
प्रवेश में नैक ग्रेडिंग व एनआईआरएफ रैंकिंग की महत्वपूर्ण भूमिका
देश के किसी भी विश्वविद्यालय में विदेशी छात्रों के प्रवेश में संस्थान की नैक ग्रेडिंग व एनआईआरएफ रैंकिंग की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। मानकों के अनुसार विदेशी छात्र नैक ग्रेड ए-प्लस वाले संस्थानों या उन संस्थानों में प्रवेश ले सकते हैं, जिनकी एनआईआरएफ रैंक 100 के भीतर है। इसके अलावा उन संस्थानों में भी प्रवेश ले सकते हैं, जो इंस्टीट्यूशंस ऑफ एमिनेंस की श्रेणी में आते हैं। नैक ग्रेड व एनआईआरएफ रैंक के मामले में इविवि निर्धारित मानक से पीछे है, लेकिन इविवि की गिनती इंस्टीट्यूशंस ऑफ एमिनेंस की श्रेणी में होती है। ऐसे में विदेशी छात्र इविवि में प्रवेश ले सकते हैं।
पीजी प्रवेश के लिए आवेदनों में संशोधन की प्रक्रिया पूरी
इविवि एवं संघटक महाविद्यालयों में परास्नातक (पीजी) प्रवेश के लिए आवेदन में संशोधन की प्रक्रिया पूरी हो गई है। 55 विषयों में पीजी की कुल 7,231 सीटों पर दाखिले होने हैं और प्रवेश परीक्षा के लिए 32,867 अभ्यर्थियों ने आवेदन किए हैं। प्रवेश परीक्षा 10, 11, 12 और 13 जून को प्रस्तावित है। इविवि प्रशासन एक सप्ताह के अंदर प्रवेश परीक्षा का विस्तृत कार्यक्रम जारी करने की तैयारी में है।