हंडिया विधायक के चाचा ने दर्ज कराया लूट, बलवा और आगजनी का मुकदमा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
बहादुरपुर ब्लाक में दस फरवरी को प्रमुख पद के लिए हुए चुनाव के दौरान पथराव, गोलीबारी और आगजनी मामले में शुक्रवार की देर रात सरायइनायत पुलिस ने एक और रिपोर्ट दर्ज की। हंडिया विधायक प्रशांत सिंह के चाचा तथा नवनिर्वाचित ब्लाक प्रमुख राजकुमार सिंह रिंकू के पिता की तहरीर पर पुलिस ने झूंसी, हनुमानगंज और उतरांव के 24 लोगों के खिलाफ नामजद व 150 अज्ञात के खिलाफ लूट, बलवा, मारपीट, आगजनी समेत विभिन्न धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की है।
ब्लाक प्रमुख के चुनाव के दौरान दो प्रत्याशियों के समर्थकों के बीच जमकर बवाल हुआ था। इस दौरान गोलीबारी, पथराव के साथ ही हंडिया विधायक प्रशांत सिंह के दो लग्जरी वाहनों को ग्रामीणों ने आगे के हवाले कर दिया था। शुक्रवार की शाम हंडिया विधायक के चाचा हरिनारायण सिंह निवासी धरौली-जुनैदपुर ने इस मामले में तहरीर दी। हरिनारायण ने दो दर्जन को नामजद और डेढ़ सौ अज्ञात के खिलाफ तहरीर दी। सभी उपद्रवी झूंसी, हनुमानगंज और उतरांव के रहने वाले हैं। उनकी तहरीर पर पुलिस ने अमर सिंह यादव , अशर्फीलाल यादव, निवासी कैथवल, मानवेंद्र सिंह उर्फ जेलर, मदन सिंह निवासी कतवारूपुर, महेंद्र यादव, अजय यादव निवासी बीकापुर, रविंद्र यादव निवासी दुल्हापुर, उमेश यादव निवासी बीकापुर, देशराज यादव, राज यादव, जबर, बब्लू निवासी नैका-महीन, शिव मिलन यादव, मंगला यादव, राजेंद्र यादव, बनाफर यादव निवासी कोटवां, मुन्नू लाल, अमर सिंह, बाबा समोसा निवासी छतनाग, भोला यादव, राजेश यादव, उमेश यादव, अशोक निषाद, प्रेमचंद्र, फूलचंद्र निवासी बीकापुर एवं 150 अज्ञात के खिलाफ मारपीट, बलवा, जानलेवा हमला, लूट, तोड़फोड़ व आगजनी की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई है। आरोप है कि हरिनारायण सिंह के चालक गंगाधर को मारपीट कर तकरीबन 30 हजार रूपये भी छीन लिए गए।
फूलपुर विधायक सईद अहमद ने दस फरवरी को अपने ऊपर हुए जानलेवा हमले की तहरीर शुक्रवार को सरायइनायत पुलिस को दी है। हालांकि शनिवार की देर शाम तक रिपोर्ट नहीं दर्ज की गई थी। विधायक श्री अहमद की तहरीर के मुताबिक दस फरवरी की दोपहर तकरीबन एक बजे वह बगई खुर्द गांव एक तेरहवीं कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। तभी निर्दलीय प्रत्याशी अरूणेंद्र यादव डब्बू के समर्थकों ने उन पर फायरिंग कर जानलेवा हमला किया। किसी तरह उन्होंने अपनी जान बचाई। हमलावरों ने उनके वाहनों को ईट-पत्थर मारकर क्षतिग्रस्त कर दिया। देर शाम तक रिपोर्ट नहीं दर्ज की गई थी।