अतीक के छोटे बेटे अबान की मौत: 'हम कुत्तों की तरह पीछे वार नहीं करते...', 30 सेकंड की रील से चर्चा में आया था
अतीक अहमद के बेटे मोहम्मद अबान की सड़क हादसे में मौत हो गई। उसकी वायरल रील पर धूमनगंज थाने में पहली एफआईआर दर्ज हुई थी, जिसमें धमकी भरे संवाद थे।
विस्तार
माफिया अतीक अहमद के सबसे छोटे बेटे मोहम्मद अबान की झांसी में सड़क हादसे में मौत के बाद उसकी रील की चर्चा फिर शुरू हो गई है। इसी रील पर उसपर धूमनगंज थाने में पहली एफआईआर दर्ज की गई थी। एक शादी समारोह का करीब 30 सेकंड का वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुआ था।
वीडियो के बैकग्राउंड में कथित तौर पर धमकी भरा संवाद सुनाई दे रहा था। सोशल मीडिया पर वायरल हुई इस रील में हम कुत्तों की तरह पीछे वार नहीं करते... जैसे संवाद को लेकर काफी चर्चा हुई थी। धूमनगंज पुलिस ने वायरल वीडियो के आधार पर एफआईआर दर्ज की थी।
मोहम्मद अबान अतीक के पांच बेटे अली, अशद, उमर और अहजम में सबसे छोटा था। वर्ष 2023 में उमेश पाल हत्याकांड के बाद जब अतीक और उसके परिवार पर पुलिस का शिकंजा कसा, तब अबान और उसके भाई अहजम को पुलिस ने चकिया इलाके से बरामद किया था। नाबालिग होने के कारण पुलिस ने दोनों को बाल संरक्षण गृह भेज दिया था। दोनों करीब सात महीने वहां रहे। बाद में न्यायालय के आदेश पर परिजनों की देखरेख में सौंप दिया गया था।
छोटे भाई की मौत से बेखबर रहा उमर
माफिया अतीक अहमद के बेटे अबान अहमद की बुधवार को मौत से लखनऊ जिला जेल में बंद उसका बड़ा भाई उमर देर रात तक अनजान रहा। जेल सूत्रों के मुताबिक, प्रशासन की ओर से उसे हादसे की कोई सूचना नहीं दी गई। ऐसे में शुक्रवार - सुबह अखबार पढ़ने के बाद ही उसे छोटे भाई की मौत की जानकारी मिलने की संभावना है।
काफिला के साथ नैनी जेल में भाई से मिलने पहुंचा था अबान
सितंबर 2025 में अबान तीन लग्जरी गाड़ियों के काफिले के साथ भाई अली से मिलने नैनी जेल पहुंचा था। कैमरों से बचने की कोशिश में वह बार-बार गमछे से अपना चेहरा ढंक रहा था। उसकी इस मौजूदगी और काफिले को लेकर भी काफी चर्चा हुई थी।
एफआईआर दर्ज हुई, लेकिन गिरफ्तारी वाली धाराएं नहीं लगीं
वायरल रील मामले में धूमनगंज पुलिस ने अबान के खिलाफ एफआईआर तो दर्ज की थी लेकिन ऐसी धाराएं नहीं लगाई गई थीं जिनके आधार पर उसकी गिरफ्तारी की जा सके। पुलिस ने वीडियो की सत्यता, उसमें इस्तेमाल किए गए संवाद और अन्य तथ्यों की जांच के लिए विवेचना शुरू की थी। धूमनगंज थाना प्रभारी धनंजय पांडेय ने बताया कि मामले की विवेचना जारी है।