Prayagraj Crime News : सरिया की दो थोक दुकानों से 6.05 लाख की लूट, सरेशाम हुई घटना से मचा हड़कंप
मनमोहन पार्क चौराहे से म्योहाल जाने वाले रास्ते पर लोहा व्यापारी आरपी गुप्ता अपने परिवार संग रहते हैं। घर के ठीक सामने सड़क के दूसरी ओर चौधराना ट्रेडिंग कंपनी के नाम से उनकी सरिया की थोक दुकान है।
विस्तार
मनमोहन पार्क चौराहे से म्योहाल जाने वाले रास्ते पर लोहा व्यापारी आरपी गुप्ता अपने परिवार संग रहते हैं। घर के ठीक सामने सड़क के दूसरी ओर चौधराना ट्रेडिंग कंपनी के नाम से उनकी सरिया की थोक दुकान है। ठीक बगल में उनके भाई ललित मोहन गुप्ता निवासी अशोक नगर की लक्ष्मी ट्रेडिंग कंपनी के नाम से सरिया की थोक दुकान है।
आरपी गुप्ता की दुकान पर उनका बेटा अंशू व पौत्र मनी बैठते हैं। जबकि ललित मोहन की दुकान पर उनका बेटा अभिनव बैठता है। बुधवार शाम को भी तीनों अपनी-अपनी दुकान पर बैठे थे। शाम 7.30 बजे के करीब असलहाधारी तीन बदमाश पहले ललित मोहन की दुकान पर पहुंचे। तीनों सीधे भीतर चले गए और अभिनव को असलहा दिखाकर काउंटर में रखे पांच हजार रुपये लूट लिए। इसके बाद दो बदमाश पैदल ही बगल में स्थित आरपी गुप्ता की दुकान पर पहुंचे और सीधे ऑफिस में घुस गए। जबकि उनका एक साथी बाइक के पास ही खड़ा हो गया।
उधर ऑफिस में एक बदमाश असलहा लेकर गेट के पास ही खड़ा रहा। जबकि उसके साथी ने व्यापारी के पौत्र मनी के सिर पर असलहा सटा दिया और गोली मारने की धमकी देकर नकदी निकालने को कहा। दहशत के चलते मनी ने काउंटर में रखी नकदी निकालकर मेज पर रखी। जिसे लेकर बदमाश अपने दोस्तों संग फरार हो गया। सूचना पर एसएसपी, एसपी सिटी समेत तमाम अफसर मौके पर पहुंच गए। पुलिस देर रात तक मामले की जांच पड़ताल में जुटी रही।
जांच पड़ताल की जा रही है। घटनास्थल व आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस टीमों को खुलासे के लिए लगाया गया है। - शैलेश कुमार पांडेय, एसएसपी