{"_id":"5e7a4e288ebc3e76aa59ba50","slug":"417-prisioners-can-released-from-naini-central-jail-due-to-corona-disease-city-news-ald2718209128","type":"story","status":"publish","title_hn":"417 कैदी छोड़ जा सकते हैं नैनी जेल से","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
417 कैदी छोड़ जा सकते हैं नैनी जेल से
Wed, 25 Mar 2020 06:13 PM IST
इलाहाबाद ब्यूरो
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, प्रयागराज
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, प्रयागराज
Published by: इलाहाबाद ब्यूरो
Updated Wed, 25 Mar 2020 06:13 PM IST
विज्ञापन
त्रिपोली स्थित एक जेल
कोरोना वायरस के जेल की सलाखों के पीछे तक पहुंचने का खतरा मंडराने लगा है। सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद से ही प्रदेश की सभी जेलों में महामारी से निपटने की तैयारी तेज कर दी गई है। केंद्रीय कारागार नैनी में करीब 417 कैदियों को जमानत के आधार अथवा पैरोल पर छोड़ने की लिस्ट तैयार कर ली गई है, जिसे बुधवार को शासन को भेजा जाएगा।
विज्ञापन
इस समय नैनी सेंट्रल जेल में 4204 कैदी बंद हैं, जिनमें विचाराधीन और सजायाफ्ता कैदी शामिल हैं। पिछले दिनों सुप्रीम कोर्ट ने सात साल तक सजा पाने वाले सजायाफ्ता बंदियों, विचाराधीन कैदियों एवं 14 वर्ष की सजा पाए 60 साल से अधिक उम्र के कैदियों को छोड़ने का आदेश दिया था। 23 मार्च की रात में शासन से नैनी सेंट्रल जेल में यह आदेश आया।
विज्ञापन
आदेश के बाद जो लिस्ट तैयार की गई, उसमें सात साल की सजा पाने वाले सजायाफ्ता 48 बंदी, सात साल तक की सजाओं में निरुद्ध 300 विचाराधीन कैदी और 14 साल की सजा पाए 60 साल से अधिक 69 कैदियों के नाम हैं। इस तरह से कुल 417 कैदियों की लिस्ट तैयार की गई है, जिसे बुधवार को शासन को भेजा जाएगा। जेलर वीरेंद्र कुमार त्रिवेदी ने बताया कि शासन को लिस्ट भेजने के बाद आगे जो निर्देश होगा उसके अनुसार कार्रवाई की जाएगी। वरिष्ठ जेल अधीक्षक एचबी सिंह ने बताया कि कैदियों की लिस्ट तैयार हो गई है। उसे अंतिम रूप दिया जा रहा है।
विज्ञापन
देश में लॉक डाउन की घोषणा के बाद केंद्रीय कारागार नैनी में भी सन्नाटा पसर गया है। कैदियों से मिलने की प्रक्रिया पूरी तरह प्रतिबंधित कर दी गई है, जिसकी वजह से यहां कोई भी मुलाकाती नहीं आ रहा है। वरिष्ठ जेल अधीक्षक हरिबक्श सिंह ने बताया कि लॉक डाउन के साथ ही मिलाई प्रक्रिया रोक दी गई है। नए कैदियों को पूरी जांच पड़ताल के बाद लाया जाता है और अंदर भी उन्हें क्वारंटीन किया जाता है।