Power Corporation : 30 हजार उपभोक्ता कर रहे सौ यूनिट से कम बिजली इस्तेमाल, मीटर जांच के लिए शुरू होगा अभियान
विभागीय आंकड़ों के अनुसार शहरी क्षेत्र में बिजली के कुल 3,03,464 कनेक्शन हैं। इनमें करीब 12 हजार उपभोक्ता हर महीने 10 यूनिट से भी कम बिजली का इस्तेमाल कर रहे हैं। वहीं, 15415 उपभोक्ताओं का प्रतिमाह 30 यूनिट से कम और 29572 उपभोक्ता प्रतिमाह 60 यूनिट से कम की बिजली का इस्तेमाल कर रहे हैं।
विस्तार
शहर में करीब 30 हजार उपभोक्ता प्रतिमाह 100 यूनिट से भी कम बिजली का इस्तेमाल कर रहे हैं। इनका औसतन बिल 10 से लेकर 60 यूनिट तक का बन रहा है। इन उपभोक्ताओं पर अब विभाग की टेढ़ी नजर है। इनके मीटरों की जांच करने के लिए जल्द ही बड़े स्तर पर अभियान शुरू किए जाने की तैयारी है। विभागीय अधिकारियों का मानना है कि भीषण सर्दी में बिजली का कम इस्तेमाल करना अलग बात है लेकिन गर्मी के दिनों में भी सौ यूनिट से कम का बिजली का बिल तैयार हो रहा है। विभाग को इसकी जानकारी सभी उपभोक्ताओं के बिल की स्क्रीनिंग के बाद हुई है।
विभागीय आंकड़ों के अनुसार शहरी क्षेत्र में बिजली के कुल 3,03,464 कनेक्शन हैं। इनमें करीब 12 हजार उपभोक्ता हर महीने 10 यूनिट से भी कम बिजली का इस्तेमाल कर रहे हैं। वहीं, 15415 उपभोक्ताओं का प्रतिमाह 30 यूनिट से कम और 29572 उपभोक्ता प्रतिमाह 60 यूनिट से कम की बिजली का इस्तेमाल कर रहे हैं। विद्युत महकमे के अधिकारी अभियान शुरू कर इन आंकड़ों की हकीकत जानेंगे।
खपत के हिसाब से तैयार की जा रही उपभोक्ताओं की श्रेणी
बिजली इस्तेमाल में की जा रही हेराफेरी की तह तक पहुंचने के लिए उपभोक्ताओं की बिजली खपत को लेकर अलग-अलग श्रेणी तैयार की जा रही है। अभियान शुरू करने से पहले अभियंताओं की ओर से यह श्रेणी तैयार की जा रही है। श्रेणीवार यह अभियान हर डिवीजन के प्रत्येक मोहल्ले में चलाया जाएगा। इसमें लोड के हिसाब से मीटर की जांच की जाएगी और मौके पर ही रीडिंग निकाली जाएगी। अगर बिलिंग में मीटर रीडर की भूमिका संदिग्ध मिली तो उसपर तो कार्रवाई होगी ही, साथ ही बिजली की चोरी करने वालों के खिलाफ सख्ती भी की जाएगी।
खंड व उपखंड स्तर पर टीम गठित कर दी गई है। मीटर की जांच विभागीय कर्मचारी करेंगे और बिलिंग को हर हाल में सही करेंगे। इस दौरान बिजली चोरी के मामले पकड़े गए तो मुकदमा दर्ज कराकर जुर्माना वसूला जाएगा। साथ ही असेसमेंट तैयार कर राजस्व का निर्धारण किया जाएगा। - मुख्य अभियंता प्रमोद कुमार सिंह