यप्पी नूडल्स का सेंपल फेल
यप्पी नूडल्स का सेंपल फेल
अलीगढ़ (ब्यूरो)। मैगी में स्वास्थ्य के लिए हानिकारक खाद्य मानकों से ज्यादा सीसा (लेड) पाए जाने का मामला अभी ठंडा भी नहीं पड़ा था कि अब एक और नामी ब्रांड यप्पी नूडल्स में भी मानक से अधिक लेड पाया गया है। इसके नूडल्स में लेड की मात्रा मानक से पौने दो गुना तो इसके मसाले में करीब डेढ़ गुना अधिक मिली है। एफडीए टीम कंपनी व विक्रेता के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने की तैयारी कर रही है। खाद्य सुरक्षा विभाग अलीगढ़ की टीम ने 21 मई 2015 को किशनपुर तिराहा स्थित सोढ़ी कांप्लेक्स स्थित विशाल मेगा मार्ट में मैगी नूडल्स के साथ यप्पी नूडल्स समेत कई अन्य नामी गिरामी कंपनियों के नूडल्स के करीब आठ नमूने भरे थे। इन्हें जांच के लिए पहले मेरठ प्रयोगशाला भेजा गया। फिर वहां से इसे लखनऊ जांच के लिए भेजा गया। शुक्रवार को आई जांच रिपोर्ट में आईटीसी कंपनी के प्रोडक्ट यप्पी नूडल्स में निर्धारित मानक 1 पीपीएम के बजाय 1.705 पीपीएम लेड मिला है। जो मानक से करीब पौने दो गुना ज्यादा है। यही नहीं इसके पेस्ट मेकर मसाले में भी 2.5 पीपीएम के बजाय 3.24 पीपीएम लेड मिला है। जो मानक से करीब डेढ़ गुना ज्यादा है। ये स्वास्थ्य के लिए बेहद हानिकारक है। मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी धर्मेंद्र द्विवेदी ने बताया कि इसकी रिपोर्ट तैयार कर कार्रवाई के लिए कमिश्नर फूड सेफ्टी एंड ड्रग को भेजी जाएगी। यहां से अनुमति मिलने के बाद कंपनी एवं विक्रेता के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया जाएगा।