आदेश न मानने और अनुशासनहीनता के आरोप में दो शिक्षिकाएं निलंबित कर दी गई हैं। यह कार्रवाई बीएसए ने खंड शिक्षाधिकारी की रिपोर्ट पर की है। निलंबित शिक्षिकाओं को दूसरे विद्यालयों से संबद्ध कर दिया गया है।
विकासखंड लोधा के उच्च प्राथमिक विद्यालय हरदासपुर की सहायक अध्यापिका मीना रानी पर अपने दायित्व का निर्वहन न करना और अनुशासनहीनता का आरोप लगा है।
साथ ही विद्यालय में प्रधानाध्यापक के कार्यरत होने के बाद भी मानव संपदा पोर्टल पर समस्त स्टाफ की जानकारी से अनधिकृत रूप से छेड़खानी करने का भी उन पर आरोप है। खंड शिक्षाधिकारी की रिपोर्ट पर उन्हें निलंबित करके उच्च प्राथमिक विद्यालय गिरधरपुर से संबद्ध कर दिया गया है। इसी क्रम में विकास खंड गंगीरी के कंपोजिट विद्यालय सलगवां में प्रधानाध्यापक के पद का प्रभार ग्रहण न करने, उच्चाधिकारियों के आदेश की अवहेलना करने के आरोप में सहायक अध्यापिका रेखा अग्रवाल को निलंबित कर दिया गया। उन्हें विकास खंड धनीपुर के उच्च प्राथमिक विद्यालय कलियानपुर से संबद्ध कर दिया गया है। ब्यूरो