Aligarh Bar Association: देर रात परिणाम जारी, दिनेश सिंह अध्यक्ष व विनोद रावत बने महासचिव, ये भी जीते
दि अलीगढ़ बार एसोसिएशन के चुनाव की मतगणना का परिणाम देर रात जारी कर दिया गया। परिणाम के अनुसार दिनेश सिंह अध्यक्ष व विनोद रावत महासचिव पद पर निर्वाचित घोषित किए गए हैं। दीवानी में विजयी प्रत्याशियों के स्वागत व बधाई का दौर जारी रहा।
विस्तार
दि अलीगढ़ बार एसोसिएशन के सालाना चुनाव की मतगणना के बाद परिणाम जारी करने को लेकर शुरू हुई फजीहत दूसरे दिन 23 दिसंबर देर शाम दूर हो सकी। 22 दिसंबर देर रात से परिणाम जारी न करने की जिद पर अड़े निर्वाचन अधिकारी ने 23 दिसंबर देर शाम किसी तरह मान मनौव्वल पर परिणाम जारी किया। तब जाकर जीते हुए प्रत्याशियों ने राहत महसूस की। हालांकि उससे पहले दिन भर दीवानी में विजयी प्रत्याशियों के स्वागत व बधाई का दौर जारी रहा। इस चुनाव में दिनेश सिंह अध्यक्ष व विनोद रावत महासचिव पद पर निर्वाचित घोषित किए गए हैं।
बार चुनाव की मतगणना के अंतिम राउंड के दौरान 21 दिसंबर रात जीत के लिए बढ़त बनाए प्रत्याशियों के समर्थकों ने उत्साह में हंगामा कर दिया। वे सभी आरओ कक्ष में हंगामा करते हुए घुस गए थे। इस पर चुनाव अधिकारी अपनी पूरी टीम के साथ दस्तावेज लेकर वहां से चले आए। इसके बाद उम्मीद जताई गई कि शनिवार को वे परिणाम घोषित करेंगे। मगर उन्होंने दिन में भी परिणाम घोषित नहीं किया। बल्कि उनके रुख को देखकर हारे हुए खेमे ने प्रदेश बार काउंसिल से आए पर्यवेक्षक अरुण कुमार त्रिपाठी आदि से मौखिक शिकायत कर दी। लिखित शिकायत की तैयारी हो गई।
वहीं आरओ स्तर से यह कहा जाने लगा कि अब 24 दिसंबर से दीवानी बंद है और वे एक जनवरी को आकर निर्णय लेंगे। यह खबर मिलते ही विजयी प्रत्याशी परेशान हो गए। कुछ प्रत्याशी देर शाम आरओ के पास पहुंचे। जहां कई घंटों की बातचीत के बाद वे रिजल्ट जारी करने को तैयार हुए, तब उन्होंने परिणाम जारी किया। आरओ विनोद कुमार शर्मा ने बताया कि उनके द्वारा कुछ बातों पर ऐतराज था। इसलिए परिणाम देरी से जारी किया है।
जारी परिणाम में अध्यक्ष दिनेश सिंह व महासचिव विनोद रावत आदि निर्वाचित किए गए हैं। नवनिर्वाचित महासचिव विनोद रावत ने देर रात परिणाम जारी किए जाने की पुष्टि की और परिणाम जारी किए जाने के समय वे आरओ के समक्ष मौजूद रहे। वहीं नवनिर्वाचित अध्यक्ष दिनेश सिंह का कहना है कि यह उनका अधिकार है, जब चाहें परिणाम जारी करें।
इस मामले में जीत की ओर अग्रसर प्रत्याशियों व समर्थकों ने हंगामा किया। इससे आरओ नाराज हुए। कुछ लोग आखिरी राउंड में मतपत्र तक ले गए। इसकी शिकायत पर्यवेक्षक तक हुई है। बाकी निर्णय आरओ स्तर से ही लिया जाना है, जो तय करेंगे, हम उनके साथ हैं।-संतोष वाशिष्ठ, निवर्तमान अध्यक्ष
इस तरह मिले प्रत्याशियों को मत
- अध्यक्ष- दिनेश सिंह को 716 (50 मत से विजयी), शैलेंद्र कुमार सिंह को 666, अनूप कौशिक को 207, काली चरन शर्मा को 516 मत मिले।
- वरिष्ठ उपाध्यक्ष- रवि कुमार शर्मा को 782 (49 मत से विजयी), संजय सहगल को 339, देवेंद्र राघव 733, शिवकुमार भारद्वाज को 229 को मत मिले।
- कनिष्ठ उपाध्यक्ष-प्रमोद कुमार को 1316 (589 मत से विजयी) व मो. फराहीम खां को 727 मत मिले।
- कोषाध्यक्ष-विनोद बाबू यादव को 1180 (304 मत से विजयी) व वेद प्रकाश शर्मा को 876 मत मिले।
- महासचिव-विनोद रावत को 1056 (427 मत से विजयी), दीपक बंसल को 629,अनिल कुमार शर्मा को 117, ठा. नरेंद्र सिंह को 161, राजेंद्र कुमार शर्मा को 54 व कौशल कुमार को 73 मत मिले।
- संयुक्त सचिव प्रशासन- राहुल शर्मा को 794 (95 मत से विजयी), पवन प्रताप सिंह को 699, गुंजन गुप्ता को 349, जुल्फीकार अली भुट्टो को 247 मत मिले।
- संयुक्त सचिव प्रकाशन-धर्मेंद्र कुमार को 927 (275 मत से विजयी), दिनेश कुमार को 652 व हेमंत गोयल को 454 मत मिले।
- संयुक्त सचिव पुस्तकालय-लक्ष्मी यादव को 915 (167 मत से विजयी), उभयवीर सिंह को 748 व मो. जीशान को 423 मत मिले।