Aligarh News: अचानक किशोर को पड़ा दौरा, गूलर रोड के नाले में गिरा, मौत से परिवार में छाया मातम
किशोर को अचानक दौरा पड़ा। वह नाले में जा गिरा। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल उसे नाले से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
विस्तार
अलीगढ़ में थाना बन्नादेवी क्षेत्र के गूलर रोड पर 21 जुलाई सुबह मिर्गी का दौरा पड़ने से नाले में मुंह के बल गिरने से एक किशोर की मौत हो गई। राहगीरों ने उसे तत्काल बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने पंचनामा भरने के बाद परिजनों के अनुरोध पर बिना पोस्टमार्टम शव उन्हें सौंप दिया।
नगला मसानी निवासी सुभाष कश्यप नुमाइश मैदान के पास फल की ठेली लगाते हैं। उनका बेटा संजय कश्यप (15) मंगलवार सुबह घर से पैदल पिता के पास जा रहा था। सीओ बन्नादेवी धनंजय सिंह के अनुसार संजय को लंबे समय से मिर्गी की बीमारी थी और उसका इलाज चल रहा था।
सुबह करीब आठ बजे गूलर रोड स्थित गायत्री पैलेस के पास पहुंचने पर उसे अचानक मिर्गी का दौरा पड़ा। पिछले दो दिनों की बारिश के कारण सड़क पर जलभराव था और पास का नाला भी लबालब भरा हुआ था।
दौरा पड़ने से संजय लड़खड़ाकर नाले में मुंह के बल गिर गया। उसके शरीर का ऊपरी हिस्सा नाले में डूब गया, आधा हिस्सा सड़क पर रह गया। नाक और मुंह के रास्ते पानी शरीर में भर गया। मौके पर मौजूद लोगों और राहगीरों ने तत्काल उसे नाले से बाहर निकाला और मलखान सिंह जिला अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर बन्नादेवी पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई पूरी की।
नगर आयुक्त प्रेम प्रकाश मीणा ने घटना पर शोक जताते हुए मृतक के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा कि पुलिस जांच और उपलब्ध वीडियो फुटेज के आधार पर प्रथम दृष्टया यह स्पष्ट है कि किशोर मिर्गी का दौरा पड़ने के कारण नाले में गिरा। उन्होंने कहा कि घटना का नगर निगम के किसी निर्माण कार्य से संबंध नहीं है और निगम जांच में पूरा सहयोग करेगा।