फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Aligarh News ›   Technique will look at corruption: Manoj Sinha

तकनीक से भ्रष्टाचार पर लगेगा अंकुश : मनोज सिन्हा

Thu, 14 Jun 2018 02:41 AM IST
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़।
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़। Updated Thu, 14 Jun 2018 02:41 AM IST
विज्ञापन
Technique will look at corruption: Manoj Sinha
रेलवे स्टेशन पर गोमती एक्सप्रेस के लिए जाते हुए रेल राज्यमंत्री मनोज सिन्हा । - फोटो : अमर उजाला
 रेल राज्यमंत्री मनोज सिन्हा ने कहा कि भ्रष्टाचार रोकने के लिए तकनीक का इस्तेमाल सबसे बेहतर समाधान है। सिन्हा मंगलवार रात्रि को मगध एक्सप्रेस से अलीगढ़ पहुंचे थे। सर्किल हाउस में रात्रि विश्राम के बाद बुधवार सुबह विशेष संपर्क अभियान के अंतर्गत शहर के प्रबुद्ध लोगों से मिले। उद्यमियों से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि तकनीक से भ्रष्टाचार पर अंकुश लगेगा।
विज्ञापन


अभियान के अंतर्गत उन्होंने उद्योगपति विजय बजाज, निर्यातक विनोद सिंघल, अजय पटेल, विज्ञान रत्न लक्ष्मण प्रसाद एवं टैक्स सलाहकार तथा अखिल भारतवर्षीय श्री वैश्य बारहसैनी महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एलडी वार्ष्णेय के घर जाकर उनको मोदी सरकार की चार वर्ष की उपलब्धियों से अवगत कराया। उन्होंने मोदी सरकार की उपलब्धियों से संबंधित बुकलेट ‘साफ नीयत सही विकास’ भी भेंट की। निर्यातक एवं उद्यमियों ने रेल राज्यमंत्री से कहा कि जीएसटी ने एक सर्कुलर जारी किया है।
विज्ञापन


इसके अंतर्गत अधिकारी किसी भी फैक्ट्री एवं दुकान में जाकर सर्वे कर सकते हैं। इससे इंस्पेक्टर राज को बढ़ावा मिलेगा और व्यापारियों की परेशानी बढ़ेगी। इस पर रेल राज्यमंत्री ने कहा कि शिकायतों पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी नजर रखते हैं। तकनीक के इस्तेमाल से पारदर्शिता आएगी और भ्रष्टाचार पर अंकुश लगेगा। पत्रकारों से सिन्हा ने कहा कि विशेष संपर्क अभियान पार्टी का कार्यक्रम है।
विज्ञापन
विज्ञापन


इसके माध्यम से मोदी सरकार के चार साल के कार्यों को जनता तक पहुंचाना है। वह ओपिनियन मेकर्स तक सरकार की उपलब्धियों को पहुंचाने आए हैं। इसके बाद वे करीब एक बजे गोमती एक्सप्रेस से दिल्ली रवाना हो गए। इस अवसर पर सांसद सतीश गौतम, राजवीर सिंह राजू भैया, महानगर अध्यक्ष विवेक सारस्वत, जिलाध्यक्ष ठाकुर गोपाल सिंह, कोल विधायक अनिल पाराशर, महानगर उपाध्यक्ष बीएस पॉल, मनीष राय, रीता राजपूत, मानव महाजन, शैलेंद्र गुप्ता, भूपेंद्र वार्ष्णेय, यतेंद्र वाईके आदि मौजूद थे।

भावुक हुए रेल राज्य मंत्री
 रेल राज्य मंत्री मनोज सिन्हा कल्याण सिंह के पुत्र व एटा सांसद राजवीर सिंह राजू भैया एवं पूर्व सांसद शीला गौतम के घर भी गए। दोनों जगह वे बहुत भावुक नजर आए। कहा कि कल्याण सिंह उनके नेता रहे हैं जबकि शीला गौतम लोकसभा में उनकी अभिभावक की तरह थीं।

रेल राज्य मंत्री ने नहीं किया निरीक्षण
रेल राज्य मंत्री मनोज सिन्हा ने मंगलवार और बुधवार दोनों ही दिन रेलवे स्टेशन में निरीक्षण नहीं किया। रेलवे अधिकारियों ने बताया कि उनका निरीक्षण का कोई कार्यक्रम नहीं था, इसलिए निरीक्षण नहीं हुआ। 

विनोद सिंघल के घर जीएसटी की चर्चा
रेल राज्यमंत्री मनोज सिन्हा सबसे पहले शक्ति नगर स्थित निर्यातक एवं रेडिएंट स्टार्स इंग्लिश स्कूल के मालिक विनोद कुमार सिंघल के घर पर गए। वहां पर उनका स्वागत विनोद सिंघल के अतिरिक्त उनके पुत्र महक सिंघल, मेधा सिंघल, देवांत सिंघल एवं गौरव हरकुट ने किया। विनोद कुमार सिंघल एवं महक सिंघल ने जीएसटी के नए सर्कुलर की चर्चा की और कहा कि इससे इंस्पेक्टर शाही को बढ़ावा मिलेगा। रेल राज्यमंत्री ने केंद्र सरकार के चार साल के कामों से संबंधित बुकलेट विनोद कुमार सिंघल को दी।

वार्ष्णेय समाज का प्रत्याशी न होने से हारे चुनाव
अलीगढ़। रेल राज्यमंत्री मनोज सिन्हा के सामने अखिल भारत वर्षीय श्री वैश्य बारहसैनी महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एलडी वार्ष्णेय ने कहा कि बड़े नेताओं द्वारा सही जातिगत आकलन नहीं करने के कारण यहां से मेयर की सीट भाजपा के हाथ से निकल गई। बुधवार को रेल राज्यमंत्री मनोज सिन्हा विशेष संपर्क अभियान के अंतर्गत उनके पास पहुंचे थे। वार्ष्णेय ने कहा कि पार्टी में वरिष्ठ कार्यकर्ताओं को ऊपर के स्तर से वरीयता दिया जाना चाहिए। टिकट वितरण के समय जातिगत आकलन सही तरीके से होना चाहिए। मेयर चुनाव के दौरान हम लोगों की बातों का ध्यान नहीं रखा गया। अलीगढ़ वार्ष्णेय समाज का गढ़ है। तीन मेयर वार्ष्णेय समाज से हो चुके हैं। उल्लेखनीय है कि पिछले मेयर चुनाव में पार्टी ने डॉ. राजीव अग्रवाल को प्रत्याशी बनाया था। चुनाव में पार्टी को पराजय का सामना करना पड़ा था। पहली बार भाजपा को मेयर सीट पर पराजय का मुंह देखना पड़ा था।

चरण स्पर्श कर शीला से लिया आशीर्वाद
अलीगढ़। रेल राज्यमंत्री मनोज सिन्हा एडीए कॉलोनी स्थिति शीला गौतम के आवास पर भी गए और उनके चरण स्पर्श कर लिपट गए। शीला गौतम ने भी स्नेह से मनोज को गले लगाया और काफी देर तक बातें करती रहीं। मनोज सिन्हा ने कहा कि शीला गौतम लोकसभा में उनकी अभिभावक की तरह थीं। वह लोकसभा के हर सत्र में नए लोगों को टिप्स देती थीं। कई बार आर्थिक मदद भी की। उन्होंने पुराने नेताओं के बारे में भी शीला गौतम को बताया। क्वार्सी फार्म की जमीन पर कमिश्नरी, सर्किट हाउस आदि बनने पर उन्होंने चिंता व्यक्त की। उन्होंने मनोज सिन्हा से कहा कि क्सार्सी फार्म का नाम 1989 में मोहन लाल गौतम करने का प्रस्ताव गया था, जो आज तक फाइलों में बंद है।

लौटते वक्त भी राज्यमंत्री की ट्रेन हुई लेट
अलीगढ़। मंगलवार की रात को मगध एक्सप्रेस से अलीगढ़ आए रेल राज्य मंत्री मनोज सिन्हा बुधवार को 12419 अप गोमती एक्सप्रेस के फर्स्ट एसी से दिल्ली रवाना हो गए। खास बात ये कि दोनों ही ट्रेनें समय पर नहीं आईं। पहले दिन मगध एक्सप्रेस नौ मिनट तो दूसरे दिन गोमती एक्सप्रेस तकरीबन 25 मिनट की देरी से आई। गोमती अमूमन तीन नंबर प्लेटफार्म पर आती थी लेकिन रेल राज्य मंत्री को सीढ़ियों से न जाना पड़े इसलिए इसको दो नंबर पर लाया गया। रेल राज्य मंत्री ट्रेन के फर्स्ट एसी कोच एच ए वन में वह सवार हुए। उनके स्टाफ के कुछ लोग भी इसमें बैठे। यह कोच आधा एसी फर्स्ट और आधा एसी सेकेंड हैं। गोमती एक्सप्रेस के स्टेशन पर पहुंचने से तकरीबन 15 मिनट पहले ही रेल राज्य मंत्री का काफिला स्टेशन पहुंचा था। स्टेशन पर उन्होंने एसएस के केबिन में बैठ कर रेलवे अधिकारियों और भाजपा नेताओं से भी बात की। मंगलवार को उनके आने पर भाजपा नेताओं और पदाधिकारियों की जबरदस्त धक्कामुक्की से वह गिरने से बच गए थे, सुरक्षाकर्मियों ने उनको बचा लिया था। बुधवार को पुलिस और आरपीएफ के जवानों ने मजबूत सुरक्षा घेरा बनाया और किसी को घेरा तोड़ने नहीं दिया। जिससे खुद रेल राज्य मंत्री सिन्हा ने राहत की सांस ली। इस दौरान डीआरएम इलाहाबाद अमिताभ, डीटीएम पीके शर्मा, आरपीएफ के सहायक सुरक्षा आयुक्त पीसी पंजाबी, एसएस डीके गौतम, सीएमआई संजय शुक्ला, आरपीएफ इंस्पेक्टर पीके ओझा, आरपीएफ खुर्जा इंस्पेक्टर नवल किशोर, जीआरपी के नवागत इंस्पेक्टर विजय सिंह, डिप्टी एसएस एके गौड़ आदि मौजूद रहे।


डीआरएम स्पेशल         ट्रेन से दादरी गए
रेल राज्यमंत्री मनोज सिन्हा के आगमन के मद्देनजर मंगलवार से अलीगढ़ में ठहरे डीआरएम अमिताभ बुधवार करीब दो बजे दादरी रवाना हो गए। उन्होंने कहा कि एक लिफ्ट और स्वचालित सीढ़ियों की शुरुआत जल्द ही करा दी जाएगी, ताकि मुसाफिरों को एक प्लेटफार्म से दूसरे प्लेटफार्म पर जाने में सुविधा मिल सके। दादरी में निरीक्षण के बाद वह वहां से सीधे इलाहाबाद रवाना हो जाएंगे। देर रात उनके इलाहाबाद जाने का प्रोग्राम बना है।
 
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed