{"_id":"5f9440a6f387944f301453f6","slug":"sadabad-news-fault-in-transformer-electric-current-in-houses-many-injured-and-died","type":"story","status":"publish","title_hn":"हाथरस: ट्रांसफॉर्मर में फॉल्ट से घरों में दौड़ा करंट, युवक की मौत, दो महिलाएं झुलसीं","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
हाथरस: ट्रांसफॉर्मर में फॉल्ट से घरों में दौड़ा करंट, युवक की मौत, दो महिलाएं झुलसीं
Sat, 24 Oct 2020 08:38 PM IST
प्राची प्रियम
संवाद न्यूज एजेंसी, सादाबाद (हाथरस)
संवाद न्यूज एजेंसी, सादाबाद (हाथरस)
Published by: प्राची प्रियम
Updated Sat, 24 Oct 2020 08:38 PM IST
विज्ञापन
सांकेतिक तस्वीर
हाथरस जिले के सादाबाद क्षेत्र के गांव बिसावर से सटे मथुरा जिले के बल्देव क्षेत्र के गांव सराय दाऊद में शनिवार की सुबह 10 केवीए के ट्रांसफॉर्मर में हुए फॉल्ट की वजह से कई घरों में हाईवोल्टेज करंट दौड़ गया। करंट की चपेट में आकर एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो महिलाएं गंभीर रूप से झुलस गईं।
विज्ञापन
इनका उपचार मथुरा के अस्पताल में चल रहा है। इधर, गुस्साए ग्रामीणों ने सादाबाद के जैतई रोड स्थित बिजलीघर को घेर लिया और आक्रोश जाहिर किया। मृतक के परिवार में कोहराम मच गया।
विज्ञापन
गौरतलब है कि मथुरा जिले के गांव सराय दाऊद को बिजली आपूर्ति सादाबाद क्षेत्र के गांव रसमई स्थित 33/11 केवी बिजलीघर से मिलती है। इस गांव की बिजली व्यवस्था भी सादाबाद विद्युत वितरण खंड के अधीन है। बताते हैं कि शनिवार की सुबह गांव सराय दाऊद में लगे ट्रांसफॉर्मर में अचानक फाल्ट हो गया।
विज्ञापन
इससे जुड़ी विद्युत लाइन में हाइटेंशन करंट दौड़ गया। इस लाइन से जुड़े कई उपभोक्ताओं के घरों में भी अचानक हाई वोल्टेज करंट पहुंचने से बिजली के उपकरण धमाके के साथ फुंक गए। उपभोक्ताओं को इससे हजारों रुपये का नुकसान हुआ। वहीं इस हादसे में गांव सराय दाऊद निवासी सब्जी विक्रेता छीतर सिंह के 20 वर्षीय बेटे कन्हैयालाल की मौत हो गई, जबकि दो अन्य महिलाएं फूलमाला देवी और गौरा देवी गंभीर रूप से झुलस गईं।
झुलसी महिलाओं को उपचार के लिए मथुरा के एक अस्पताल में ले जाया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है। इधर, हादसे के बाद गुस्साए ग्रामीण सादाबाद के जैतई रोड स्थित बिजलीघर पर पहुंच गए। यहां ग्रामीणों ने आक्रोश जाहिर किया। मौके पर मौजूद मिले एसडीओ सुमित गोयल से ग्रामीणों ने बातचीत की।
ग्रामीणों ने बताया कि गांव में बिजली की लाइनों के तार और खंभे जर्जर हैं, लेकिन कोई सुनने वाला नहीं है। ग्रामीणों ने मृतक के परिवार को मुआवजा दिए जाने की मांग की। इधर, एसडीओ ग्रामीण सुमित गोयल ने बताया कि गिलहरी के ट्रांसफॉर्मर पर चढ़ जाने की वजह से ट्रांसफॉर्मर में फॉल्ट हुआ था, जिससे यह हादसा हो गया।
उन्होंने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि वह पीड़ित परिवार के साथ हैं। पूरे मामले की जांच कराकर नियमानुसार मृतक के परिजनों को मुआवजा दिलाया जाएगा।