Aligarh: हॉस्पिटल में मरीज की मौत, जमकर हुई तोड़फोड़, चिकित्सक को पीटा और कमड़े फाड़े, ईसीजी मशीन तोड़ी
अलीगढ़ के मिथराज हॉस्पिटल में भर्ती एक मरीज की उपचार के दौरान मौत हो गई। परिजनों ने इलाज में लापरवाही का आरोप लगाया। गुस्साए परिजनों ने रिसेप्शन काउंटर, डायलिसिस विंग का मुख्य गेट, एंबुलेंस का शीशा, ईसीजी मशीन तोड़ दिया। चिकित्सक डॉ. कामरान को मारते हुए कपड़ा फाड़ दिया।
विस्तार
सड़क हादसे में घायल एक मरीज की रामघाट रोड स्थित मिथराज हॉस्पिटल में 11 जुलाई को मौत हो गई। परिजनों ने इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए अस्पताल में जमकर तोड़फोड़ की। चिकित्सक को पीट दिया। मामले में दोनों ओर से क्वार्सी थाने में तहरीर दी गई है।
अलीगढ़-अनूपशहर रोड पर छतारी के पास 10 जुलाई की रात को ट्रक ने कार को टक्कर मार दिया था। इसमें कार सवार तीन लोग घायल हो गए थे। उन्हीं में से गोधा थाना क्षेत्र के पड़का सुल्तानपुर निवासी वरुण चौहान (30) को परिजनों ने रात करीब सवा 12 बजे मिथराज हॉस्पिटल में भर्ती कराया था। दोपहर करीब एक बजे के करीब वरुण की मौत हो गई।
गुस्साए परिजनों ने रिसेप्शन काउंटर, डायलिसिस विंग का मुख्य गेट, एंबुलेंस का शीशा, ईसीजी मशीन तोड़ दिया। चिकित्सक डॉ. कामरान को मारते हुए कपड़ा फाड़ दिया। अस्पताल में उपद्रव की सूचना पर क्वार्सी पुलिस पहुंच गई। पुलिस ने समझा बुझाकर मामला शांत कराया।
परिजनों के मिन्नत पर मरीज को 10 जुलाई की रात को गंभीर हालत में भर्ती किया गया था। उसके सिर, आंखा, नाक व मुंह की हड्डियां टूटी हुई थी। चिकित्सकों ने रात में ही यथा स्थिति बता दी थी। उपचार के दौरान मौत पर परिजनों ने अस्पताल में तोड़फोड़ व मारपीट की। इसकी तहरीर दे दी गई है। - डॉ. राजेंद्र वार्ष्णेय, निदेशक, मिथराज हॉस्पिटल
मरीज की मौत के मामले की जांच कराई जाएगी। पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। - डॉ. नीरज त्यागी, सीएमओ
मार्च में हुई थी शादी, जुलाई में मिट गया सिंदूर
कंचन की शादी मार्च में वरुण से हुई थी। हादसे ने कंचन की जीवन में उथल-पुथल ला दिया। शुक्रवार को वरुण की मौत के बाद कंचन का रो-रोकर बुरा हाल था। वह बार-बार बेसुध हो जा रही थी।