Good News: अलीगढ़ में बनने वाले 45 किमी लंबे रिंग रोड के लिए डीपीआर तैयार, ये रहेगा प्रस्तावित रूट
इस परियोजना से अलीगढ़ जिले के करीब 21 से 30 गांव और कई ब्लॉक सीधे तौर पर जुड़ेंगे। फिलहाल भांकरी से बौनेर तिराहे तक का 20 किमी का हिस्सा हाफ रिंग रोड (बाईपास) के रूप में कार्य कर रहा है।
विस्तार
अलीगढ़ महानगर को ट्रैफिक जाम की समस्या से निजात दिलाने और कनेक्टिविटी को रफ्तार देने के लिए 45 किलोमीटर लंबे नए रिंग रोड की तैयारी पूरी हो गई है। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) ने इस प्रोजेक्ट की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार कर एलाइनमेंट अप्रूवल कमेटी को भेज दी है। अब कमेटी की अंतिम मंजूरी का इंतजार है।
सेटेलाइट सर्वे के जरिए तैयार किए गए नए एलाइनमेंट के अनुसार, यह रिंग रोड गभाना से शुरू होकर जवां, धनीपुर एयरपोर्ट के पीछे से होते हुए अकराबाद के कीरतपुर टोल पर जाकर जुड़ेगा। इस रूट को इस तरह डिजाइन किया गया है कि घनी आबादी और रेलवे लाइनों से बचा जा सके।
इस परियोजना से जिले के करीब 21 से 30 गांव और कई ब्लॉक सीधे तौर पर जुड़ेंगे। फिलहाल भांकरी से बौनेर तिराहे तक का 20 किमी का हिस्सा हाफ रिंग रोड (बाईपास) के रूप में कार्य कर रहा है। नए रिंग रोड के पूर्ण होने से अलीगढ़ शहर के अंदर ट्रैफिक का दबाव काफी कम हो जाएगा, जिससे स्थानीय नागरिकों को भी राहत मिलेगी।
एलाइनमेंट अप्रूवल कमेटी को डीपीआर भेजी गई है। इसकी स्वीकृति का इंतजार है। इसके बाद परियोजना पर तेजी से काम शुरू होगा। इसके निर्माण से दिल्ली-एनसीआर से कानपुर की ओर कनेक्टिविटी बेहतर होगी। स्थानीय स्तर पर भी यातायात सुधरेगा। - अमन यादव, सहायक अभियंता, एनएचएआई
परियोजना की मुख्य विशेषताएं
यह रिंग रोड एनएच-34 (दिल्ली-कानपुर), आगरा-मुरादाबाद हाईवे और पलवल हाईवे जैसे प्रमुख मार्गों को आपस में जोड़ेगा। धनीपुर एयरपोर्ट के पीछे से गुजरने के कारण अलीगढ़ एयरपोर्ट के लिए कनेक्टिविटी काफी बेहतर हो जाएगी। वर्तमान में गाजियाबाद से कानपुर की ओर जाने वाले वाहनों को शहर के अंदर से गुजरना पड़ता है। रिंग रोड बनने के बाद वाहन सीधे निकल सकेंगे, जिससे समय और ईंधन दोनों की बचत होगी।
