महानगर में रविवार शाम को हुई बारिश राहत के साथ आफत भी लेकर आयी। हालांकि बारिश ने गर्मी से हल्की सी राहत जरूर दी, लेकिन शहर के कई निचले इलाकों में जलभराव हो गया। नाले, नालियों से कीचड़ - गंदगी सड़कों पर उफन आयी। इससे राहगीरों व वाहन चालकों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। शहर में कई इलाकों में घंटों बिजली आपूर्ति प्रभावित रही। देर रात तक कर्मचारी आपूर्ति व्यवस्था को बहाल करने में जुटे रहे।
दिन में सूरज के तेवर गर्म रहे तो शाम होते-होते मौसम ने रुख बदला और काले बादल बरसने लगे। देर शाम चंद मिनटों की हुई इस बारिश से लोगों को गर्मी से राहत दी , लेकिन रामघाट रोड, मैरिस रोड, सेंटर प्वाइंट, स्टेशन रोड, तस्वीर महल, दीवानी के सामने, मानसरोवर, ज्ञानसरोवर, 100 फुटा रोड समेत कई निचले इलाकों में जलभराव हो गया। कीचड़ और गंदगी के सड़क पर आ जाने से राहगीरों व वाहन चालकों को मुसीबतों का सामना करना पड़ा। शहर के अधिकांश इलाकों में सड़क के खुदे होने से वहां दलदल जैसे हालात पैदा हो गए। यहां कई वाहन फंस गए तो लोग फिसलते हुए और नगर निगम की व्यवस्थाओं को कोसते हुए नजर आए । उधर बारिश के चलते किला रोड, क्वार्सी, रावणटीला, सासनीगेट, गांधीपार्क, सारसौल, देहलीगेट समेत कई इलाकों में फाल्ट आ जाने से आपूर्ति ठप हो गई। इससे नागरिकों को बेहद परेशानियां उठानी पड़ी। हालांकि देर रात तक बिजली विभाग की टीमें ठप हुई आपूर्ति को बहाल करने में तो नगर निगम की टीमें भी जलभराव से लोगों को निजात दिलाने में जुटी रहीं।