Aligarh: एसी मैकेनिक बनकर घर में घुसे, दिनदहाड़े लूटपाट की कोशिश, शोर मचाने पर भागे, सीसीटीवी में हुए कैद
दोपहर ढाई बजे दरवाजे पर एक युवक ने दस्तक दी। महिला ने दरवाजा खोला तो युवक ने खुद को एसी सही करने वाला बताया। महिला ने कहा कि उन्हें ऐसी सही नहीं करना तो वह युवक अपने दो-तीन साथियों सहित जबरन घर में घुस आया और अंदर आते ही महिला पर पिस्टल तान दी। साथ में घर में टंगी टावल से राधा का गला दबाने लगे।
विस्तार
अलीगढ़ महानगर के सासनी गेट थाना क्षेत्र के मोहल्ला कृष्णा टोला में 1 मई दोपहर बदमाशों ने व्यापारी के घर लूटपाट की कोशिश की। एसी मेकेनिक बताकर घर में घुसे बदमाशों ने व्यापारी की पत्नी को पिस्टल की नोक पर ले लिया और उनका गला घोंटने की कोशिश की। कमरे में मौजूद पुत्रवधू ने साहस दिखाया और शोर मचा दिया। मोहल्ले वालों को एकत्र होता देख बदमाश फरार हो गए। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और आसपास के सीसीटीवी कैमरे चेक किए। इस दौरान चार बदमाश दो वाहनों पर सवार होकर भागते दिखाई दिए हैं। पुलिस उनकी तलाश में जुट गई है।
कृष्णा टोला के राकेश वर्मा की फूल चौराहे पर ज्वेलरी के डिब्बे बेचने की दुकान है। वह खुद बेटे अंकित के साथ दुकान पर बैठते हैं। दिन में घर में उनकी पत्नी राधा व पुत्रवधू शिवानी रहती हैं। दोपहर में करीब दो बजे अंकित घर से दुकान पर गया। इसके कुछ देर बाद ही करीब ढाई बजे दरवाजे पर एक युवक ने दस्तक दी। राधा ने दरवाजा खोला तो युवक ने खुद को एसी सही करने वाला बताया।
राधा ने कहा कि उन्हें ऐसी सही नहीं करना तो वह युवक अपने दो-तीन साथियों सहित जबरन घर में घुस आया और अंदर आते ही राधा पर पिस्टल तान दी। साथ में घर में टंगी टावल से राधा का गला दबाने लगे। इस पर राधा ने शोर मचाया तो घर की रसोई में मौजूद शिवानी नजारा समझ गई। वह किसी तरह रसोई से बाहर की साइड के कमरे में पहुंची और उसने गली में बाहर झांकते हुए शोर मचा दिया। साथ में खुद को भी कमरे में बंद कर लिया। इस पर शोर सुन आसपास के लोग एकत्रित होने लगे। बदमाश एक स्कूटी और एक पल्सर बाइक पर सवार होकर भागे हैं।
सभी के चेहरों पर मास्क बंधा था, चश्मे व कैप से चेहरे ढके थे। चारों सीसीटीवी में कैद हुए हैं। इस सूचना पर दुकान से व्यापारी पिता पुत्र व बाद में इलाका पुलिस भी पहुंच गई। सीओ प्रथम अभय पांडेय भी मौके पर पहुंचे। सीओ के अनुसार इस घटना में लूट के इरादे से बदमाश आए थे। मगर लूट नहीं कर पाए। सीसीटीवी में कैद चेहरों के आधार पर उनकी तलाश शुरू कर दी गई है। चार टीमें लगाई गई हैं। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया जा रहा है।
किसी अपने के होने का अंदेशा
इस घटना में सीसीटीवी के अनुसार चार बदमाश कैद हुए हैं। सभी के चेहरे ढके हुए थे। दूसरा उन्हें यह खबर थी कि घर में एसी है। व्यापारी का बेटा भी अभी निकलकर गया है। उसके कुछ देर बाद ही ये आए थे। इन तमाम तथ्यों से साफ हो रहा है कि कोई करीबी या अपना इस घटना में शामिल है। इसी आधार पर पुलिस काम कर रही है।