फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Aligarh News ›   Holi

अलीगढ़ : बाजारों में मस्तानों की टोली, आज खेलेगी होली

Thu, 17 Mar 2022 12:09 AM IST
Aligarh Bureau अलीगढ़ ब्यूरो
Updated Thu, 17 Mar 2022 12:09 AM IST
विज्ञापन
Holi
श्री वार्ष्णेय महाविद्यालय में होली खेलती क्षमा, मुस्कान, श्वेता, सभ्य, रोहित और प्रदीप। - फोटो : CITY OFFICE
दो दिवसीय होली पर्व आज बृहस्पतिवार से मनाया जाएगा। सांप्रदायिक दृष्टि से बेहद संवेदनशील अपने शहर के बाजारों में दुकानदारों द्वारा आज बृहस्पतिवार को सार्वजनिक रूप से होली खेली जाएगी। फिर देर रात होलिका दहन होगा और शुक्रवार को धूल के साथ जुमा व रात को शब-ए-बरात मनाया जाएगा। इसे लेकर पुलिस प्रशासनिक स्तर से सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए जा रहे हैं। आज बृहस्पतिवार सुबह से ही यातायात भी डायवर्ट रहेगा और पूरे शहर में ड्रोन कैमरों से निगरानी के साथ जगह-जगह फोर्स तैनात कर सेक्टर स्कीम भी लागू की गई है। शहर को थाना वार आठ सेक्टरों में बांटा गया है। इसके अलावा नगर निगम, स्वास्थ्य, बिजली विभाग के स्तर से भी इंतजाम किए जा रहे हैं। साथ में बाजारों में जगह-जगह दुकानदारों व व्यापार मंडल के स्तर से होली खेलने की तैयारी की जा रही है।
विज्ञापन

रंगों से परहेज तो इन बाजारों में जाने से बचें
बाजारों में सार्वजनिक रूप से बृहस्पतिवार को जयगंज, अचलताल, रेलवे रोड, हलवाई खाना, महावीरगंज, कनवरीगंज, फूल चौराहा, बड़ा बाजार, सासनी गेट, रामघाट रोड, सेंटर प्वाइंट, बाबरी मंडी, तुर्कमान गेट आदि क्षेत्रों में टेसू के फूल, रंग व गुलाल से होली खेली जाएगी। ऐसे में उन लोगों से पुलिस प्रशासन की अपील है, जिन्हें रंगों से परहेज है, वे इन बाजारों में आज जाने से बचें।
विज्ञापन

आपसी भाईचारे से मनाएं होली व शब-ए-बरात, गड़बड़ी पर होगी कार्रवाई : डीएम
अलीगढ़। डीएम सेल्वा कुमारी जे. ने जिले भर के नागरिकों से रंगों के पर्व होली को शांति, सौहार्द्रपूर्ण एवं आपसी भाईचारे से मनाने की अपील की है। उन्होंने कहा है कि होली व शब- ए-बरात पर गड़बड़ी करने वालों से सख्ती से निपटा जाएगा और अराजकतत्वों के मंसूबों को पूरा नहीं होने दिया जाएगा। डीएम बुधवार को विकास भवन में होली व शब-ए-बरात को लेकर आयोजित समीक्षा बैठक में बोल रही थीं। उन्होंने त्योहारों पर विशेष साफ-सफाई अभियान चलाने, निर्बाध रूप से बिजली आपूर्ति सुनिश्चित कराने, धार्मिक स्थलों के आसपास एवं गलियों में जर्जर एवं लटकते बिजली तारों को सही कराने के निर्देश दिए। डीएम ने जिला आबकारी अधिकारी को कहा कि जिले में कहीं भी अवैध शराब की बिक्री न होने पाए। 24 मार्च से यूपी बोर्ड की हाईस्कूल व इंटरमीडिएट की परीक्षाएं शुरू हो रही हैं। ऐसे में सांप्रदायिक सौहार्द्र बना रहे। त्योहारों पर अनावश्यक डीजे एवं साउंड सिस्टम पर पैनी निगाह रखी जाए। डीएम ने कहा कि होली व शब-ए-बरात के त्योहार को परंपरागत तरीके से मनाया जाए और किसी तरह की नई परंपरा को शुरू न किया जाए।
विज्ञापन
विज्ञापन

एसएसपी कलानिधि नैथानी ने कहा है कि होली आपसी मेलजोल एवं भाईचारे का त्योहार है। सभी आपसी मतभेद भुलाकर सांप्रदायिक तरीके से त्योहार मनाएं। होली को लेकर संवेदनशील, अति संवेदनशील स्थानों के अलावा मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों में पर्याप्त मात्रा में पुलिस बल तैनात किया गया है। संबंधित सीओ व थानेदार लगातार क्षेत्र में भ्रमण कर हरेक घटना पर पैनी नजर रखेंगे। उन्होंने बताया कि होली पर आबकारी दुकानें बंद रहेंगी। यदि कहीं चोरी-छिपे शराब की बिक्री होना संज्ञान में आए तो तत्काल कंट्रोल रूम के मोबाइल नंबर 9454402817 पर इसकी सूचना दें। सूचना देने वाले व्यक्ति का नाम गोपनीय रखा जाएगा। उन्होंने होली वाले दिन चौपहिया वाहनों के साथ ही दोपहिया वाहनों पर भी पैनी नजर रखने के निर्देश देते हुए कहा कि यह सुनिश्चित किया जाए कि कोई भी व्यक्ति नशे की हालत में वाहनों की ड्राइविंग न करें। बैठक में सीडीओ अंकित खंडेलवाल, एडीएम सिटी राकेश कुमार पटेल, एडीएम प्रशासन डीपी पाल, एसपी सिटी कुलदीप सिंह गुनावत, सीएमओ डॉ. नीरज त्यागी, सीवीओ डॉ. चंद्रवीर सिंह आदि समेत शहर के संभ्रांत नागरिक मौजूद रहे।
एसडीएम व सीओ रखेंगे होलिका दहन स्थलों की जानकारी
जिले में होलिका दहन स्थलों पर एसडीएम व सीओ अपने इलाकों में निगरानी रखेंगे। किसी भी तरह की समस्या होने पर उच्चाधिकारियों को संज्ञान में लाकर उसका निदान भी कराएंगे।
खुले रहेंगे सीएचसी व पीएचसी
डीएम ने बताया कि किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए जिले के सभी सीएचसी-पीएचसी खुले रहेंगे। स्वास्थ्य एवं अग्निशमन विभाग को अलर्ट मोड पर रहने, खाद्य सुरक्षा अधिकारी को त्योहारों पर खाद्य पदार्थों में मिलावट रोकने को प्रवर्तन की कार्रवाई करने व दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। सोशल मीडिया पर कोई भी आपत्तिजनक एवं भ्रामक खबर न फैलने पाए।
होली पर बंद रहेंगी शराब की दुकानें
डीएम सेल्वा कुमारी जे. ने बताया कि 18 मार्च को होली का धूल व रंग का त्योहार मनाया जाएगा। शांति व्यवस्था बनाए रखने की दृष्टि से यूपी आबकारी अधिनियम 1910 की धारा-59 में प्रदत्त अधिकारों का प्रयोग करते जिले भर में देसी शराब, विदेशी शराब, बीयर, मॉडल शॉप व भांग के थोक व फुटकर दुकानें, बंधित फॉर्मेसी बंद रहेंगी।
-ये हैं होलिका स्थल --
- 2770 होलिका स्थल पूरे जनपद में चिह्नित
- 2224 होलिका स्थल जिले के देहात में हैं
- 546 होलिका स्थल समूचे शहर में हैं तय
- 67 होलिका दहन शहर में अतिसंवेदनशील
- 105 होलिका दहन शहर में संवेदनशील
- 07 थाना क्षेत्र होली को लेकर संवेदनशील
ये हैं खास इंतजाम
- ये थाना क्षेत्र संवेदनशील : शहर में सासनी गेट, कोतवाली, देहली गेट, देहात में हरदुआगंज, टप्पल, अकराबाद व चंडौस।
- शहर में प्रत्येक थाने में एक थाना मोबाइल के अलावा क्यूआरटी मोबाइल दी जाएगी। इसके अलावा प्रत्येक थाने को 20-30 पुलिसकर्मी अतिरिक्त दिए जाएंगे।
- तीन कंपनी पीएसी के अलावा दो कंपनी पीएसी स्टैंडबाई पर रहेगी, आरएएफ की डिमांड भी वरिष्ठ अधिकारियों से की गई है।
- शहर को आठ सेक्टरों में बांटकर सेक्टर मजिस्ट्रेट व पुलिस प्रभारी भी तैनात किए जा रहे हैं। ये व्यवस्था आज रात से लागू हो जाएगी।
-प्रत्येक थाना क्षेत्र में चार-पांच स्थानों पर बैरियर भी लगाए जाएंगे। दोपहिया वाहनों पर सवारी पूरी तरह से प्रतिबंधित। आज से यातायात डायवर्ट।
-चौकी प्रभारी व लैपर्ड अपने अपने क्षेत्र में रहेंगी सुबह से ही सक्रिय, किसी भी गड़बड़ी पर तत्काल आएगी क्यूआरटी भी।
-- आज सुबह ये यातायात भी डायवर्ट--
- कानपुर-एटा की ओर से बौनेर तिराहा होते हुए एटा चुंगी चौराहा से शहर की ओर आने वाले बाहरी वाहनों व रोडवेज बसों को बौनेर तिराहा से डायवर्ट होकर खैर-दिल्ली की तरफ डायवर्ट किया जाएगा।
-आगरा-हाथरस की ओर से सासनीगेट होकर शहर की तरफ आने वाले समस्त प्रकार के भारी वाहन आगरा रोड पुल के नीचे से डायवर्ट होकर एटा-कानुपर व खैर-दिल्ली की तरफ जाएंगे।

-मथुरा की ओर से सासनीगेट होकर शहर में प्रवेश करने वाले सभी प्रकार के भारी वाहन मथुरा रोड पुल के नीचे से डायवर्ट होकर एटा-कानुपर व खैर दिल्ली रोड की तरफ जाएंगे।
- दिल्ली-बुलंदशहर की ओर से सारसौल चौराहा होते हुए शहर में प्रवेश करने वाले वाहन सारसौल चौराहे से डायवर्ट होकर नादा पुल बाईपास की ओर जाएंगे।
- अतरौली रोड की तरफ से क्वार्सी चौराहे की तरफ आने वाले भारी वाहन क्वार्सी चौराहे से एटा चुंगी चौराहा व एफएम टावर होते हुए अपने गंतव्य तक पहुंचेंगे।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed