गले की फांस बन गई ईएमआई फ्री कार
गले की फांस बन गई ईएमआई फ्री कार
अमर उजाला ब्यूरो
अलीगढ़। फ्री ईएमआई कार कंपनी के करोड़ों के घोटाले में पुलिस की अनदेखी पर वह ग्राहक आहत हैं, जिनकी गाड़ी अब बिकने के कगार पर है। वह किस्त देने की स्थिति में नहीं है। ऐसे में गाड़ी बेचने के सिवाय दूसरा कोई रास्ता नहीं है। हां, खैर पुलिस ने एक मुकदमा दर्ज कर औपचारिकता पूरी कर ली, जबकि क्वार्सी पुलिस द्वारा हिरासत में लिए गए युवक को सिकंदरा पुलिस द्वारा साथ ले जाने की बात कही जा रही है। इससे आगे पुलिस इसमें कोई कदम उठाती नहीं दिख रही। महानगर के रामघाट रोड इलाके में पीएसी के पास संचालित इस कंपनी का दफ्तर खाली पड़ा रहता है। एक युवक वहां आकर उसे खोल देता है और शाम को बंद कर जाता है। वहां कोई जवाब देने वाला भी नहीं है। इसे लेकर पुलिस का एक ही जवाब है कि मामला सिकंदरा थाना आगरा से जुड़ा है। इसलिए वहीं की पुलिस इस मामले में जांच कर रही है। वहीं इस कंपनी से जुड़े लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज है। इधर, इस घोटाले के बाद से वह ग्राहक परेशान हैं जो किस्त देने की स्थिति में नहीं हैं। इसे लेकर एक ही बात समझ में आ रही है कि पुलिस जान बूझकर इस ओर अनदेखी कर रही है और ग्राहक अंधेरे में हैं।