{"_id":"6490a27b9aeaadad830d98b4","slug":"do-not-offer-namaz-on-the-streets-on-bakrid-2023-06-20","type":"story","status":"publish","title_hn":"Eid: डीएम ने बकरीद की नमाज को लेकर कहा स्पष्ट, बकरीद पर सड़कों पर न पढ़ें नमाज","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Eid: डीएम ने बकरीद की नमाज को लेकर कहा स्पष्ट, बकरीद पर सड़कों पर न पढ़ें नमाज
Tue, 20 Jun 2023 12:16 AM IST
चमन शर्मा
अमर उजाला नेटवर्क, अलीगढ़
अमर उजाला नेटवर्क, अलीगढ़
Published by: चमन शर्मा
Updated Tue, 20 Jun 2023 12:16 AM IST
सार
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि बकरीद पर स्थानीय मस्जिदों में ही नमाज हो और सड़कों पर नहीं। कोई भी व्यक्ति सड़क पर नमाज नहीं पढ़ेगा। सख्ती से इसका अनुपालन कराया जाए। प्रतिबंधित जानवरों की कुर्बानी न दी जाए।
विज्ञापन
बकरीद को लेकर बैठक लेते डीएम इंद्र विक्रम सिंह
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
अलीगढ़ के कलेक्ट्रेट सभागार में सोमवार को जिलाधिकारी इंद्र विक्रम सिंह की अध्यक्षता में ईद-उल-अजहा एवं श्रावण मास को लेकर शहर के संभ्रांत नागरिकों, धार्मिक गुरुओं, मुतवल्लियों के साथ शांति समिति की बैठक हुई। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि बकरीद पर स्थानीय मस्जिदों में ही नमाज हो और सड़कों पर नहीं। कोई भी व्यक्ति सड़क पर नमाज नहीं पढ़ेगा। सख्ती से इसका अनुपालन कराया जाए। प्रतिबंधित जानवरों की कुर्बानी न दी जाए।
विज्ञापन
उन्होंने नगर निगम समेत समस्त ईओ एवं एसडीएम को निर्देशित किया कि साफ-सफाई एवं पानी की समुचित व्यवस्था रखी जाए। कुर्बानी के उपरांत अवशेष ढक कर ले जाए जाएं, गाड़ी से कहीं गिरे नहीं ताकि किसी की भावनाएं आहत न हों। जिलाधिकारी ने सीएमओ को निर्देशित किया कि यदि कोई कांवड़िया बीमार या दुर्घटनाग्रस्त हो जाता है तो उसका निशुल्क इलाज किया जाए। सभी एसडीएम एवं सीओ अपने क्षेत्र में शिव मंदिरों का भ्रमण कर लें। मंदिर प्रबंधन द्वारा की जा रही तैयारियों को भी परख लें।
विज्ञापन
एसएसपी कलानिधि नैथानी ने समस्त पुलिस अधिकारियों को सतर्क रहने की नसीहत देते हुए कहा कि इंतजार न करें, सभी इंतजाम पहले से करें। उन्होंने खेद प्रकट करते हुए कहा कि शहर मुफ्ती की अपील को भी बहुत से लोगों द्वारा नजरअंदाज किया गया है जो उचित नहीं है। एसएसपी ने कहा कि सड़कों पर नमाज अदा न करें, यह देश और समाज हमारा है, जो व्यवस्था शासन द्वारा बनाई गई है, उसका पालन करें। बैठक में एडीएम सिटी अमित कुमार भट्ट, एसपी सिटी कुलदीप गुनावत, एसपीआरए पलास बंसल समेत समस्त एसडीएम, सीओ, ईओ, नगर निगम, पीडब्ल्यूडी, स्वास्थ्य, पशुपालन आदि विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
विज्ञापन
डीएम ने कहा कि बेहतर कानून व्यवस्था, निरंतर संवाद और सभी वर्गों के सहयोग से जनपद में सभी पर्व एवं त्योहार शांति और सौहार्द्रपूर्ण माहौल में मनाए जा रहे हैं। साफ किया कि शरारतपूर्ण बयानबाजी, अफवाह फैलाने, अमन चैन एवं शांति व्यवस्था को बिगाड़ने वालों के साथ सख्ती की जाएगी। व्यक्तिगत विवाद को सामुदायिक विवाद का रंग न दिया जाए। माहौल खराब करने की कोशिश करने वाले के साथ कठोरता बरती जाएगी। सभी एसडीएम एवं सीओ अपने-अपने क्षेत्रों में संभ्रांत नागरिकों के साथ शांति समिति की बैठक करें। तहसील प्रशासन सतर्क रहें। उन्होंने त्योहारों के दृष्टिगत खाद्य पदार्थों की जांच की कार्रवाई में तेजी लाने को कहा। कहा कि मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री की हर शिकायत पर तत्काल कार्रवाई की जाए।