योगीजी सुन लो पुकार: बन्ना देवी पुलिस ने संत प्रवृत्ति व्यापारी को बना दिया शराबी, बोले- पीना तो हम सिखा देंगे
बन्ना देवी पुलिस पर संत प्रवृत्ति व्यापारी ने आरोप लगाया कि उनको शराबी बनाकर हवालात में डाल दिया। सामाजिक अपमान से आहत होकर पीड़ित ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से न्याय की गुहार लगाते हुए दोषी पुलिसकर्मियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
अलीगढ़ की थाना बन्ना देवी पुलिस ने शराबियों के खिलाफ चलाए जा रहे चेकिंग अभियान में एक संभ्रांत व्यापारी और संत प्रवृत्ति के व्यक्ति को अकारण ही हिरासत में ले लिया। पीड़ित ने जब खुद को कंठी-माला धारण करने वाला और शराब न पीने वाला व्यक्ति बताया, तो पुलिसकर्मियों ने संवेदनहीनता के साथ कह दिया पीना तो हम सिखा देंगे।
इतना ही नहीं, पुलिस ने पीड़ित की जेब में रखे पैसे भी छीन लिए और उनका फोटो व नाम शराबियों की सूची के साथ जारी कर दिया। इस सामाजिक अपमान से आहत होकर पीड़ित ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से न्याय की गुहार लगाते हुए दोषी पुलिसकर्मियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। इस संबंध में 3.27 मिनट का एक वीडियो भी जारी किया है।
मूल रूप से अलीगढ़ के मानिक चौक के रहने वाले रवि कुमार वर्तमान में व्यापार के सिलसिले में अपने परिवार के साथ चंदौसी (संभल) में रहते हैं। पीड़ित रवि कुमार ने बताया कि वे 16 मई 2026 को अपने बेटे को जेईई एडवांस की परीक्षा दिलाने के लिए अलीगढ़ आए हुए थे।
अलीगढ़ आगमन पर उन्हें सूचना मिली कि उनके परिचित संत मित्र, जो अयोध्या धाम की प्रतिष्ठित मणिराम छावनी से हैं, और मथुरा के कुछ अन्य संत मित्र इस समय अलीगढ़ आए हुए हैं। रवि कुमार संतों के दर्शन और आशीर्वाद लेने के लिए बन्ना देवी स्थित श्री जगन्नाथ मंदिर की ओर जा रहे थे।
रास्ते में बन्ना देवी थाना पुलिस शराबियों के खिलाफ विशेष धरपकड़ अभियान चला रही थी। पुलिस ने अकारण ही रवि कुमार को रास्ते से उठा लिया। पीड़ित ने जब पुलिसकर्मियों को अपनी स्थिति स्पष्ट की और कहा, मैं कंठी माला धारण करने वाला व्यक्ति हूं, मैंने जीवन में कभी शराब को हाथ नहीं लगाया। आप चाहें तो अभी मेरा मेडिकल या एल्कोहॉल टेस्ट करवा लें। इस पर ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों ने बेहद अभद्र और अमानवीय रवैया अपनाते हुए कहा, पीना तो हम सिखा देंगे। पुलिस ने पीड़ित की एक न सुनी और उन्हें जबरन ले जाकर असली शराबियों और अपराधियों के साथ हवालात में बंद कर दिया।
पीड़ित रवि कुमार का आरोप है कि हवालात में डालने के बाद पुलिसकर्मियों ने उनकी तलाशी ली और उनकी जेब में रखे सारे पैसे जबरन छीन लिए। पुलिस ने रवि कुमार का फोटो खींचा और विभाग द्वारा जारी की जाने वाली शराबियों की सूची में उनका नाम और फोटो शामिल कर सार्वजनिक कर दिया। इस शर्मनाक हरकत के कारण पीड़ित का भारी सामाजिक अपमान हुआ है।
निर्दोष होने के बावजूद पुलिस की बर्बरता और मानसिक प्रताड़ना झेलने वाले रवि कुमार ने अब सूबे के मुखिया मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहित वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से न्याय की मांग की है। पीड़ित ने कहा कि संत प्रवृत्ति का होने के बावजूद उन्हें जो अपमान झेलना पड़ा है, उसकी भरपाई नहीं हो सकती। उन्होंने मांग की है कि सीसीटीवी फुटेज और मौके की जांच कराकर दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाए। एसपी सिटी आदित्य बंसल ने कहा है कि वह इस मामले की जांच करवा रहे हैं।