रेलवे स्टेशन से बच्ची को लेकर शातिर महिला फरार, जांच में जुटी पुलिस
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म सात से मंगलवार को एक शातिर महिला दूसरी दिव्यांग महिला से उसकी एक साल की मासूम बच्ची को खिलाने के बहाने लेकर फरार हो गई। काफी देर तक महिला नहीं लौटी तो बच्ची की मां ने जीआरपी थाने में शिकायत की। शिकायत पर हड़कंप मच गया। सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए। मगर, महिला और बच्ची की सुराग नहीं लगा। महिला की तहरीर पर जीआरपी ने मुकदमा दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है। जोन स्तर पर अलर्ट जारी किया गया है।
ये भी पढ़ें- घर में घुसकर किशोरी से दुष्कर्म का प्रयास, विरोध करने पर किया अपहरण
दिव्यांग मालती पत्नी झम्मन लाल निवासी नया बांस, सुरीर, मथुरा तीन बेटियों और एक बेटे की मां है। हाल में महिला अपने पति के साथ दिल्ली के शाहदरा थाना क्षेत्र के मीत नगर में रहती है। पति ई-रिक्शा चलाकर परिवार को पालन-पोषण करता है। रक्षाबंधन पर मालती गंगीरी निवासी अपने भाई को राखी बांधने के आई थी। मंगलवार को महिला गोमती एक्सप्रेस से वापस दिल्ली जाने के लिए स्टेशन पर आई। बस स्टैंड से ही उसके पीछे शातिर महिला लग गई।
मालती के अनुसार प्लेटफॉर्म सात पर दूसरी बेटी ने खाने के लिए खाना मांगा। इसी दौरान महिला ने खिलाने के बहाने से छोटी बेटी लक्ष्मी (एक साल) को गोद में ले लिया। महिला उसे खिलाते-खिलाते आंखों से ओझल हो गई। काफी देर उसकी तलाश की। मगर सुराग नहीं लगा।
मालती ने जीआरपी थाने पहुंच यहां पूरा वाकया बताया। मामला जान जीआरपी में खलबली मच गई। जीआरपी और आरपीएफ की टीमें तलाश में जुट गई। महिला को सीसीटीवी फुटेज भी दिखाए गए। मगर, उनका सुराग नहीं लगा। जीआरपी इंस्पेक्टर यशपाल सिंह के अनुसार बच्ची की मां की तहरीर पर अपहरण का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जोन स्तर पर अलर्ट जारी कर दिया गया है।
यह है बच्ची की पहचान
मासूम बच्ची का नाम लक्ष्मी है। बच्ची की मां के अनुसार बेटी गुलाबी रंग की बनियान और आसमानी कच्छी पहने है। बच्ची का रंग सांवला है। अपहरणकर्ता महिला साड़ी पहने थी। उसकी आंखों में काजल लगा था।
अपहरणकर्ता महिला अपना बैग छोड़ हुई फरार
इंस्पेक्टर यशपाल सिंह के अनुसार अपहरणकर्ता महिला काफी शातिर है। वह बच्ची को ले जाने के दौरान अपना बैग भी छोड़ गई। हालांकि बैग में कपड़ों के सिवाए कुछ नहीं मिला है। मालूम होता है कि वह बच्चा चोरी का ही काम करती है। बैग लेकर इसलिए घूमती होगी, जिससे की उस पर किसी को शक न हो।
सीसीटीवी होते तो पकड़ी जाती शातिर महिला
स्टेशन की सुरक्षा व्यवस्था पर एक बार फिर से सवाल खड़ा हो गया है। एक ओर तो सिटी साइड मुख्य प्लेटफार्म बनाया जा रहा है। मगर, हैरानी भरी बात यह है कि उस ओर कोई सीसीटीवी कैमरा नहीं लगा है। सिर्फ प्लेटफार्म चार तक ही सीसीटीवी कैमरे लगे है। बच्ची के अपहरण की तफ्तीश के मामले में भी जीआरपी को तीसरी आंख का सहारा नहीं मिला।
प्लेटफॉर्म चार और सिविल लाइंस गेट की ओर लगे सीसीटीवी की फुटेज ही जीआरपी खंगाल सकी। इससे पूर्व में भी सिटी साइड की ओर कई गंभीर वारदातों को शातिर अपराधियों ने तीसरी आंख के न होने के चलते अंजाम दिया है। इसके बाद भी जिम्मेदार अधिकारी आंख मूंदे बैठे हैं।
बच्ची की तलाश को सीओ के निर्देशन में टीम लगाई गई है। जल्द ही अपहरणकर्ता महिला को पकड़ लिया जाएगा। सिटी साइड की ओर सीसीटीवी कैमरे न होना गंभीर बात है। इस मुद्दे को रेलवे के अधिकारियों के सामने रख वहां सीसीटीवी कैमरे लगवाए जाएंगे- जोगेंद्र कुमार, एसपी जीआरपी, आगरा जोन