{"_id":"5dc484298ebc3e5b683cee35","slug":"ayodhya-verdict-drone-cctv-will-be-eyeing","type":"story","status":"publish","title_hn":"अयोध्या फैसलाः ड्रोन, सीसीटीवी से चप्पे-चप्पे पर रहेगी नजर","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
अयोध्या फैसलाः ड्रोन, सीसीटीवी से चप्पे-चप्पे पर रहेगी नजर
Fri, 08 Nov 2019 02:27 AM IST
राजेश सिंह
ब्यूूराे, अमर उजाला, अलीगढ़
ब्यूूराे, अमर उजाला, अलीगढ़
Published by: राजेश सिंह
Updated Fri, 08 Nov 2019 02:27 AM IST
विज्ञापन
पैदल मार्च करते जिलाधिकारी व एसएसपी आकाश कुलहरि।
- फोटो : Dig Vishal
अयोध्या प्रकरण को लेकर आने वाले फैसले में शांति बनाए रखने के लिए पुलिस फोर्स ने गुरुवार को पैदल मार्च किया। साथ ही संवेदनशील इलाकों में भी गश्त शुरू कर दी गई है।
विज्ञापन
स्थानीय खुफिया एजेंसियों को भी हाई अलर्ट पर कर दिया गया है। साथ ही पुलिस सादा वर्दी में भी शहर के विभिन्न इलाकों में निगरानी बनाए हुए हैं। निगरानी के लिए पुलिस ड्रोन विमानों की सहायता भी ले रही है।
विज्ञापन
पुलिस के मुताबिक शहर में सभी होटलों, गेस्ट हाउसों, बैंक्वेट हाल, धर्मशालाओं के संचालकों को कह दिया गया है कि वह अपने यहां पर आने जाने वाले लोगों पर नजर रखें। उनका पहचान पत्र जरूर लें। रिकार्ड रखें। इसके अलावा रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड सहित अन्य सार्वजनिक स्थानों पर भी सघन नजर रखी जा रही है।
विज्ञापन
सादा वर्दी में जवान तैनात किए गए है। शहर में विभिन्न स्थानों पर बैरीकेडिंग लगाकर चेकिंग की जा रही है। जहां-जहां सीसीटीवी कैमरे लगे हैं, वहां कंट्रोल रूम में वहां से गुजरने वाले ट्रैफिक की मॉनीटरिंग की जा रही है।
रात में शहर में स्निफर डाग घुमाए जा रहे हैं। सुरक्षा की बात करें तो देहात के सभी थानों को अलर्ट पर रहने के लिए कहा है। उन्हें कभी भी किसी भी समय कहीं भी काल किया जा सकता है। एसएसपी आकाश कुलहरि ने कहा कि सभी सुरक्षा इंतजाम बेहद कड़े हैं। सघन निगरानी की जा रही है। कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी जरूरी उपाय किए जाएंगे।
किसी के भी हक में हो, दिल से कबूल करें फैसला: शहर मुफ्ती
अयोध्या प्रकरण में सुप्रीम कोर्ट के आने वाले फैसले को ध्यान में रखते हुए सभी लोग अपने-अपने तरीके से समाज और लोगों से शांति बनाए रखने की अपील कर रहे हैं। साथ ही सुप्रीम कोर्ट के फैसला का सम्मान किए जाने का भी आह्वान कर रहे हैं। गुरुवार को शहर मुफ्ती मोहम्मद खालिद ने अयोध्या मामले पर आने वाले सुप्रीम कोर्ट के फैसले के संबंध में कहा है कि फैसला किसी के भी हक में हो, हमें उसे दिली खुशी के साथ कबूल करना चाहिए। लोगों से अपील है कि वह आपसी भाईचारा बनाए रखें।
गुरुवार को ऊपर कोर्ट स्थित नेशनल हास्पिटल पर प्रेसवार्ता में उन्होंने कहा कि पूरा यकीन है कि इंसाफ का पूरा ध्यान रखा जाएगा। अदालत जो भी फैसला लेती उसे कबूल करना लाजिम है। इसलिए अफवाहों पर ध्यान नहीं दें। सोशल मीडिया पर किसी तरह की कोई टिप्पणी या पोस्ट नहीं करें, जिससे माहौल खराब हो।
समाज सेवी गुलजार अहमद ने कहा कि मुफ्ती साहब ने लोगों से शांति, भाईचारा बनाए रखने की अपील की है। यह सभी का फर्ज है कि वह शहर मुफ्ती साहब की बात को कबूल करें। उन्होंने कहा कि झगड़े सिर्फ मुल्क का नुकसान करते हैं। इस अवसर पर हाजी इखलाक आदि मौजूद रहे।
सुप्रीम कोर्ट के फैसले का सभी सम्मान करें: महापौर
अयोध्या प्रकरण में सुप्रीम कोर्ट का फैसला आने को ध्यान में रखते हुए शहर के प्रथम नागरिक और महापौर मो. फुरकान ने भी सभी से शांति बनाए रखने की अपील की है और सुप्रीम कोर्ट के फैसले का सम्मान करने की बात कही है। शमशाद मार्केट स्थित अपने कैंप कार्यालय पर गुरुवार को पत्रकारों से उन्होंने कहा कि फैसला जो भी हो हम सभी को उसे मोहब्बत के साथ स्वीकार करना है।
ऐसा कोई काम नहीं करना है जिससे किसी को तकलीफ हो। या किसी को बुरा लगे। अफवाहों पर ध्यान नहीं देना है। प्रशासन तो अपना काम कर ही रहा है हमें भी अपनी जिम्मेदारी समझनी है। भारत से सुंदर दुनिया में कोई देश नहीं है। अदालत का फैसला सभी को मानना चाहिए, क्योंकि उससे बड़ा कोई फैसला नहीं हो सकता है। इसलिए हमें एक दूसरे के खिलाफ कोई बात नहीं कहनी है।