Aligarh Smart City: 10 घंटे की बारिश, फिर बिगड़े हालात, जलभराव में फंसी अलीगढ़ शहर की रफ्तार
अलीगढ़ शहर के प्रमुख मैरिस रोड पर बारिश के बाद कीचड़ और गंदगी दिखाई दी। केला नगर के पास पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह और बेसिक शिक्षा राज्यमंत्री संदीप सिंह के आवास वाली गली में भी पानी भर गया। जापान हाउस क्षेत्र में भी जलभराव की स्थिति रही।
विस्तार
अलीगढ़ महानगर में सोमवार को करीब दस घंटे हुई बारिश ने एक बार फिर जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया। मौसम विभाग के अनुसार अलीगढ़ महानगर में औसतन 4.6 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। लगातार हुई बारिश से स्मार्ट सिटी के कई इलाकों में जलभराव हो गया। पुराने शहर के बाजारों से लेकर नई कॉलोनियों तक व्यवस्थाएं ध्वस्त नजर आईं। कई निचले इलाकों में घरों और दुकानों तक पानी पहुंच गया, जबकि प्रमुख मार्गों पर जलभराव से आवाजाही प्रभावित रही।
सोमवार तड़के करीब चार बजे शुरू हुई बारिश कभी तेज तो कभी रिमझिम होती रही। सुबह से ही शहर के कई हिस्सों में पानी भरने लगा। बारिश और जलभराव के कारण लोग जरूरी काम से ही घरों से बाहर निकले। कई अभिभावकों ने बच्चों को स्कूल नहीं भेजा और कुछ बाजार भी पूरी तरह नहीं खुल सके। दोपहर करीब दो बजे के बाद बारिश थमी।
शहर में बारिश के दौरान कुछ इलाकों में सड़कों पर पानी जमा हुआ था लेकिन ऐसा पहली बार हो रहा है कि बारिश थमने के अगले दो घंटे में सड़कों से जलभराव खत्म हो गया। शाहजमाल व उसके आसपास के इलाके में अभी समस्या है। उस इलाके में पानी निकासी का काम तेजी से कराया जा रहा है। -प्रेम प्रकाश मीणा, नगर आयुक्त
विज्ञापन विज्ञापन
इन इलाकों में हुआ जलभराव
बारिश के बाद महेंद्र नगर, जयगंज, सराय लवरिया, अशोक नगर, गूलर रोड, रामघाट रोड स्थित किशनपुर, क्वार्सी बाईपास के सरोज नगर, गोविंद नगर, श्रीनगर, छर्रा अड्डा पुल, सुदामापुरी, बेगमबाग, स्टेशन रोड समेत कई इलाकों में जलभराव रहा। निचले इलाकों में हालात ज्यादा खराब रहे। शाहजमाल, ईदगाह, एडीए कॉलोनी, खैर रोड, डबल टंकी, रोरावर, भदेसी, पला, नींवरी, विष्णुपुरी, घुडियाबाग, कृष्णापुरी, गोपालपुरी, बैंक कॉलोनी, भुजपुरा, सराय मियां, जीवनगढ़, मैरिस रोड, नौरंगाबाद, छावनी, पला रोड समेत कई क्षेत्रों में पानी घरों तक पहुंच गया।
छुट्टी के समय जाम में फंसे लोग
बारिश के दौरान स्कूलों की छुट्टी के समय रामघाट रोड, मैरिस रोड, अब्दुल्ला रोड और दोदपुर रोड पर जाम की स्थिति बन गई। मीनाक्षी पुल पर रामघाट रोड की ओर जाने वाले वाहनों की लंबी कतार लग गई। जलभराव के कारण कई लोगों के वाहन भी बंद हो गए।
वीआईपी रोड पर भी नहीं सुधरे हालात
शहर के प्रमुख मैरिस रोड पर बारिश के बाद कीचड़ और गंदगी दिखाई दी। केला नगर के पास पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह और बेसिक शिक्षा राज्यमंत्री संदीप सिंह के आवास वाली गली में भी पानी भर गया। जापान हाउस क्षेत्र में भी जलभराव की स्थिति रही।
आज भी बारिश की चेतावनी
मौसम विभाग ने मंगलवार को भी बारिश की संभावना जताई है। आसमान में बादल छाए रहने के साथ तेज गरज, आंधी और भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। नगर निगम ने भी जलभराव से निपटने के लिए तैयारियां जारी रखने का दावा किया है।
- 4.6 एमएम बारिश महानगर में हुई
- 7 एमएम बारिश का औसत पूरे जिले का
- 19 एमएम गभाना तहसील में
- 9 एमएम इगलास तहसील में हुई
- 2 एमएम खैर तहसील में हुई
- 2 एमएम बारिश अतरौली तहसील में
-2 एमएम बारिश कोल तहसील में हुई