Agra: बेमौसम बारिश बनी आफत, आज भी नहीं मिलेगी राहत, तीन दिन तक ऐसा रहेगा मौसम
आगरा में बेमौसम बारिश अब मुसीबत बनती जा रही है। शनिवार को दिनभर रिमझिम बारिश होती रही। मौसम विभाग के पूर्वानुमान केंद्र के मुताबिक अगले तीन दिनों तक बारिश के आसार बने रहेंगे। रविवार को तेज बारिश हो सकती है।
विस्तार
आगरा में शनिवार की सुबह से देर रात तक कभी तेज तो कभी रिमझिम बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया। सड़कों पर पानी भर गया तो गलियों में कीचड़ हो गई। लगातार बारिश से कार्यक्रम रद्द करने पड़े। स्कूलों में छुट्टी करनी पड़ी। किसानों को बड़ा नुकसान हुआ है। कृषि विभाग को करीब 70 हजार हेक्टेयर में बाजरा, 5000 हेक्टेयर में तिल, उड़द व मूंग और 20 हजार हेक्टेयर में सब्जियों की फसल बर्बाद होने का अनुमान है। मौसम विभाग के मुताबिक रविवार को तेज बारिश हो सकती है।
42 मिमी हुई बारिश,11 डिग्री लुढ़का पारा
शुक्रवार के बाद शनिवार को भी पूरे दिन आगरा में रिमझिम बारिश होती रही। 24 घंटों में 42 मिमी बारिश रिकार्ड की गई। सुबह 5 बजे से 6:30 बजे तक तेज बारिश हुई, जबकि उसके बाद बूंदाबांदी होती रही, जो देर रात तक जारी रही। बारिश के कारण दिन में पारा सामान्य से 11 डिग्री नीचे दर्ज किया गया। दिन में तापमान 24.3 डिग्री और रात में 21.9 डिग्री रिकार्ड किया गया। मौसम विभाग के पूर्वानुमान केंद्र के मुताबिक अगले तीन दिनों तक बारिश के आसार बने रहेंगे। रविवार को तेज बारिश हो सकती है।