Agra: सोसायटी के कनेक्शन पर फ्लैट मालिक को जारी कर दी आरसी, दो लाख रुपये देकर हिरासत से छूटे
जलकल विभाग ने बकाया पानी के बिल पर यहां रहने वाले अजय गुप्ता के नाम पर 4.99 लाख रुपये की आरसी (रिकवरी सर्टिफिकेट) जारी कर दी। तहसील की टीम ने अजय गुप्ता को हिरासत में ले लिया।
विस्तार
आगरा में जलकल विभाग की लापरवाही का मामला सामने आया है। पानी का कनेक्शन सोसायटी के नाम होने पर भी एक फ्लैट धारक अजय गुप्ता को 4.99 लाख बिल बकाये की आरसी जारी कर दी गई। तहसील के राजस्व कर्मी उन्हें हिरासत में ले लिए। सच्चाई न सुनी जाने पर वह दो लाख रुपये जमा कर किसी तरह छूटे। अब बकाया जमा करने का दबाव बनने से वह परेशान हैं।
मामला बालूगंज के पार्क पैराडाइज अपार्टमेंट का है। 25 फ्लैट वाली पैराडाइज सोसायटी ने साल 2004 में पानी का कनेक्शन सोसायटी के नाम पर लिया था। निजी कनेक्शन किसी फ्लैट स्वामी के पास नहीं है, लेकिन जलकल विभाग ने बकाया पानी के बिल पर यहां रहने वाले अजय गुप्ता के नाम पर 4.99 लाख रुपये की आरसी (रिकवरी सर्टिफिकेट) जारी कर दी। तहसील की टीम ने अजय गुप्ता को हिरासत में ले लिया। वह गिड़गिड़ाते रहे लेकिन तहसील की टीम ने दो लाख रुपये जमा करने के बाद छोड़ा। उन्होंने बाकी पैसे जमा करने के लिए मोहलत मांगी।
गलत ढंग से जारी हुई आरसी
छूटने के बाद अजय गुप्ता ने महाप्रबंधक जलकल विभाग को लिखकर दिया है कि रिकॉर्ड में पार्क पैराडाइज सोसायटी उनके नाम पर नहीं है और न ही वह सोसायटी में अध्यक्ष या महामंत्री पद पर हैं। ऐसे में आरसी गलत ढंग से उनके नाम पर जारी की गई। यही नहीं जिस संपत्ति का बकाया बताया गया है, उस संपत्ति पर 85 हजार रुपये का बिल ऑनलाइन जलकल आगरा की वेबसाइट पर दिखाया जा रहा है। इस धांधली की शिकायत भी अपर नगर आयुक्त, जलकल महाप्रबंधक से की गई है।