आगरा : मंगलवार शाम को नहीं मिलेगा चार लाख लोगों को पानी, पहले ही भरकर रखें लें
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
सोमवार की रात और मंगलवार की सुबह जब नल से पानी की सप्लाई हो तो उसे स्टोर करके रख लें। एक सितंबर (मंगलवार) को सिकंदरा वाटरवर्क्स से जुड़े 10 जोनल पंपिंग स्टेशनों से पेयजल आपूर्ति 24 घंटे के लिए ठप रहेगी। इससे करीब चार लाख लोग प्रभावित होंगे।
जल निगम की गंगाजल इकाई द्वारा शाहगंज द्वितीय जोनल पंपिंग स्टेशन पर नए बने भूमिगत जलाशय से मेन फीडर लाइन का कनेक्शन किया जाना है। इस काम को मंगलवार की सुबह नौ बजे शुरू किया जाएगा, जिसमें 24 घंटे का समय लगने का अनुमान है। जल निगम ने लोगों से पानी स्टोर करके रखने की अपील की है।
जल निगम की गंगाजल इकाई के परियोजना प्रबंधक आरके गुप्ता ने बताया कि आगरा संबपूर्ति पेयजल योजना में शाहगंज द्वितीय पंपिंग स्टेशन पर 4300 किलो लीटर क्षमता के भूमिगत जलाशय और पंप हाउस का निर्माण किया गया है। पिछले महीने इसके इनलेट का कनेक्शन किया गया था और अब मंगलवार की सुबह इसके आउटलेट के कनेक्शन के लिए 24 घंटे का शटडाउन लिया जाएगा।
पहले यह कार्य 24 अगस्त को किया जाना था लेकिन जीवनी मंडी वाटरवर्क्स के पास पाइप लाइन फटने के कारण शहर में 4 दिन तक पेयजल संकट गहरा गया था। इस वजह से काम स्थगित कर दिया गया। अब इसे मुहर्रम के यौम-ए-आशूरा के बाद 1 सितंबर को कराया जाएगा।
इन क्षेत्रों में मंगलवार शाम को नहीं मिलेगा पानी
प्रोजेक्ट मैनेजर आरके गुप्ता के मुताबिक शटडाउन के दौरान लोहामंडी, शाहगंज प्रथम, शाहगंज द्वितीय, शाहगंज तृतीय, बोदला, हलवाई की बगीची, लॉयर्स कॉलोनी, सूर्य नगर, संजय प्लेस, निर्भय नगर समेत 10 जोनल पंपिंग स्टेशन बंद रहेंगे। इनके अलावा भी अन्य क्षेत्रों की सप्लाई भी बाधित रह सकती है।
दरअसल सिकंदरा वाटरवर्क्स से शाहगंज द्वितीय पंपिंग स्टेशन पर जिस लाइन पर काम किया जाना है, उससे जुड़ी इंटरकनेक्टेड अन्य लाइनों को भी बंद करना पड़ेगा। इस वजह से जल निगम अधिकारियों ने इन क्षेत्रों के लोगों से अपील की है कि वह पानी स्टोर करके रख लें, जिससे उन्हें असुविधा का सामना न करना पड़े।