मैनपुरी: एक ही मोहल्ले में 24 घंटे में बुखार से पीड़ित तीन मरीजों की मौत, 80 से ज्यादा बीमार
- स्वास्थ्य विभाग ने लगाया शिविर, मोहल्ले में कराया गया दवा का छिड़काव
- मोहल्ले में बुखार से पीड़ित 87 लोगों का जांच के बाद उपचार किया गया
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
मैनपुरी के वार्ड नंबर एक नगला पजाबा में 24 घंटे के भीतर बुखार से पीड़ित तीन मरीजों की मौत हो गई। जानकारी मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम मोहल्ले में पहुंची और मरीजों का उपचार किया। सीएमओ और एसडीएम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया।
मोहल्ला नगला पजाबा निवासी रामदीन के 26 वर्षीय पुत्र सत्यदेव को पिछले कुछ दिनों से बुखार आ रहा था। परिजन उसका दिल्ली में उपचार करा रहे थे। जांच में डेंगू बताया गया। सोमवार की सुबह युवक की मौत हो गई।
मोहल्ला के ही छदामीलाल की 65 वर्षीय पत्नी रामढकेली को भी कुछ दिनों से बुखार आ रहा था। परिजन उनका आगरा में उपचार करा रहे थे। सोमवार को उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
रामचंद्र की 20 वर्षीय पुत्री दुर्गा को भी बुखार आ रहा था। उसका भी आगरा इलाज चल रहा था। रविवार की शाम आगरा में उसने दम तोड़ दिया। जानकारी होने पर सीएमओ डॉ. एके पांडेय, एसडीएम ऋषिराज मोहल्ले में पहुंचे और लोगों की जांच की।
स्थिति की जानकारी होते ही जनप्रतिनिधि पहुंचे
नगला पजाबा की स्थिति के बारे में पता चलने पर विधायक सदर राजकुमार यादव और पूर्व विधायक अशोक सिंह चौहान ने भी यहां पहुंचकर लोगों से बातचीत की। स्वास्थ्य विभाग की टीम को बेहतर उपचार देने के निर्देश दिए।
सफाई व्यवस्था को लेकर किया प्रदर्शन
नगला पजाबा में जगह-जगह जलभराव की स्थिति है। आरोप है कि नगर पालिका का सफाई कर्मचारी यहां सफाई करने नहीं पहुंचता है। इसको लेकर सोमवार को आक्रोशित ग्रामीणों ने प्रदर्शन भी किया।
87 मरीजों का किया उपचार
नगला पजाबा में सीएमओ के निर्देश पर चिकित्साधीक्षक कुचेला डॉ. पपेंद्र कुमार की देखरेख में स्वास्थ्य शिविर लगाया गया। मोहल्ले के बुखार से पीड़ित 87 लोगों का जांच के बाद उपचार किया गया। एएनएम और आशा को घर-घर भेजकर सर्वे कराया गया।
सीएमओ डॉ. एके पांडेय ने कहा कि 24 घंटे में तीन मरीजों की मौत हुई है। परिजन के अनुसार उन्हें बुखार आ रहा था। हालांकि अभी तक कोई भी व्यक्ति जांच रिपोर्ट नहीं दिखा सका है। मोहल्ले में शिविर लगाकर मरीजों का उपचार किया जा रहा है। पूरे मोहल्ले को सैनिटाइज कराने के साथ ही दवा का छिड़काव कराया जा रहा है।