बाह। अभयपुरा बिजली घर क्षेत्र के तेजसिंह पुरा गांव में बृहस्पतिवार को आंधी में बिजली के 8 खंभे टूटकर सड़क पर गिरे थे। बिजली के खंभे के नीचे दब कर बाह से लौट रहे अंशु की साइकिल क्षतिग्रस्त हो गई थी। बिजली आपूर्ति ठप होने की वजह से गांव की टीटीएसपी टंकी सूखी पड़ी है। शनिवार को तीसरे दिन भी गांव के लोग पानी की बूंद बूंद को तरस गए। प्यास बुझाने के लिए पड़ोस गांव प्रतापपुरा, पटकुइयनपुरा एवं डेरक तक की दौड़ लगानी पड़ी। गांव की सुधा, नीतू, ऊषा, महेन्द्र सिंह, मानसिंह, हाकिम सिंह आदि ने बताया मवेशी तक के लिए पानी नहीं है। उन्होंने आपूर्ति बहाल किए जाने की मांग की है। बिजली की लाइन दुरुस्त न होने की वजह से पढ़ाई को लेकर छात्र-छात्राएं परेशान हैं। इधर शनिवार की शाम विभाग ने बिजली की लाइन खींच कर आपूर्ति बहाल किए जाने का दावा किया है।
आंधी में क्षतिग्रस्त हुई तेजसिंह पुरा समेत सभी लाइनें दुरुस्त कर दी गई हैं। आपूर्ति बहाल कर दी है।- शंभूनाथ, उपखंड अधिकारी (विद्युत), जैतपुर