UP Budget 2022-23: ताज के पार्श्व में लबालब होगी यमुना, बजट में मिली बड़ी सौगात
ताज के पार्श्व में बहने वाली यमुना के अब दिन बदलने वाले हैं। लंबे समय से चली आ रही रबर डैम की मांग को योगी आदित्यनाथ सरकार के वित्तीय वर्ष 2022-23 के बजट में जगह मिल गई है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
ताजमहल के पार्श्व में यमुना फिर से लबालब होगी। नगला पैमा में रबर डैम बनाने के लिए बृहस्पतिवार को सरकार ने बजट में 20 करोड़ रुपये का प्रावधान किया है। इसमें 10 करोड़ रुपये भू अधिग्रहण व दस करोड़ रुपये से निर्माण व अन्य कार्य पर खर्च होंगे। नहरों का रखरखाव, बांध-बंधियों की मरम्मत सहित सिंचाई कार्यों के लिए करीब 72 करोड़ रुपये का बजट मिला है।
ताजमहल की डाउन स्ट्रीम में स्थित नगला पैमा में यमुना नदी पर रबर डैम प्रस्तावित है। पहली बार सूबे के मुखिया बनने के बाद 2017 में आगरा आगमन पर आदित्यनाथ योगी ने इस डैम का शिलान्यास किया था, लेकिन अनापत्तियां नहीं मिलने के कारण प्रोजेक्ट अधर में लटक गया। पिछले माह नीरी से रबर डैम को हरी झंडी मिल गई। इस प्रोजेक्ट की लागत करीब 300 करोड़ रुपये है। वित्त वर्ष 2022-23 में सरकार ने अब इसके लिए 20 करोड़ रुपये रखा है। ऐसे में रबर डैम की उम्मीदों को पंख लग गए हैं। सिंचाई विभाग इस डैम का निर्माण करेगा।
नहरों से लेकर बांध-बंधियों का होगा कायाकल्प
आगरा नहर, चंबल डाल परियोजना के अलावा नए बजट में आगरा रजबाह, टर्मिनल रजबाह, सिकंदरा रजबाह के लिए 4.25 करोड़ रुपये दिए हैं। इन तीनों नहर प्रणालियों की क्षमता वृद्धि की जाएगी। तनोरा नूरपुर में यमुना के कटान को रोकने के लिए पत्थर की दीवार बनाई जाएगी। इस कार्य के लिए 1.03 करोड़ रुपये का प्रावधान बजट में किया है।
इसके लिए भी है बजट में प्रावधान
इसके अलावा बांगुरी में बंधे की मरम्मत के लिए 1.18 करोड़ रुपये, फतेहपुर सीकरी में बांध-बंधियों के लिए 18.56 करोड़ रुपये, खेरागढ़ में दो बंधों के लिए 14.70 करोड़ रुपये और जगनेर की बांध-बंधियों के लिए 15 करोड़ रुपये का प्रावधान बजट में किया है। पहली बार जिले की सिंचाई योजना के लिए सरकार ने खजाना खोला है।