खुशखबर: एटा-टूंडला मार्ग को राष्ट्रीय राजमार्ग में शामिल करने की तैयारी, केंद्रीय मंत्री गडकरी ने जारी किए ये निर्देश
टूंडला से एटा 57 किमी लंबे मार्ग की वर्तमान में सात मीटर चौड़ाई है। राष्ट्रीय राजमार्ग में शामिल होने के बाद इस मार्ग का 24 मीटर तक चौड़ीकरण हो सकता है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
टूंडला-एटा-कासगंज मार्ग को राष्ट्रीय राजमार्ग में शामिल करने की तैयारी चल रही है। इसके लिए केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने मंत्रालय के अधिकारियों को निर्देश जारी किए हैं। वर्तमान में 57 किमी लंबे इस मार्ग की चौड़ाई कुल सात मीटर है, जिसकी वजह से यातायात समस्या बनी रहती है। माल ढुलाई, यात्री आवाजाही को देखते हुए अब इस मार्ग को राष्ट्रीय राजमार्ग में शामिल करने की तैयारी चल रही है। राष्ट्रीय राजमार्ग बनता है तो इसकी चौड़ाई 24 मीटर की जाएगी।
एटा से टूंडला के बीच मार्ग काफी संकरा
जिले में जीटी रोड के बाद एटा-टूंडला मार्ग ही सबसे अधिक यातायात व्यस्तता वाला मार्ग है। आगरा से बरेली तक के आवागमन के लिए इसका प्रयोग होता है। टूंडला से आगरा और एटा से कासगंज तक तो काफी चौड़ा हाईवे बना हुआ है, लेकिन एटा से टूंडला के बीच मार्ग काफी संकरा है। एक ही पटरी होने की वजह से यातायात व्यवस्था लड़खड़ाती रहती है। इसे लेकर पिछले दिनों टूंडला विधायक प्रेमपाल सिंह धनगर ने केंद्रीय मंत्री को पत्र भेजकर इस मार्ग को राष्ट्रीय राजमार्ग में शामिल करने के लिए अनुरोध किया था। जिसका जवाब देते हुए केंद्रीय मंत्री गडकरी ने बताया है कि यह प्रस्ताव मंत्रालय के तहत विचाराधीन है। इसे प्राथमिकता पर रखते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं। यह मार्ग दो जिलों की सीमा में है। करीब 22 किमी हिस्सा फिरोजाबाद जिले में आता है। जनपद एटा में इस मार्ग की लंबाई लगभग 35 किलोमीटर है।
पहले सदर विधायक शासन को भेज चुके हैं प्रस्ताव
सदर विधायक विपिन वर्मा डेविड ने साल 2019 में उप मुख्यमंत्री एवं लोक निर्माण विभाग के मंत्री केशव प्रसाद मौर्य को पत्र लिखकर फोरलेन का प्रस्ताव शासन को प्रेषित किया था, लेकिन प्रस्ताव पास नहीं हो सका। इसी साल एटा आए उप मुख्यमंत्री ने यहां एक जनसभा के दौरान एटा-टूंडला मार्ग को फोरलेन कराने की घोषणा भी की थी।
बजट न होने की वजह से नहीं हो सका फोरलेन
लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता सतीश कुमार ने बताया कि एटा-टूंडला मार्ग चौड़ीकरण के लिए डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने घोषणा की थी, हमें भी निर्देश मिले थे, लेकिन बजट उपलब्ध नहीं हो सका जिसके चलते यह कार्य अभी तक नहीं हो सका है।
निर्माण के लिए तैयार कराया जाएगा बजट
एनएचएआई पीडी पीपी सिंह ने बताया कि एटा-टूंडला मार्ग को राष्ट्रीय राजमार्ग घोषित करने के लिए सड़क परिवहन मंत्री ने टूंडला विधायक को पत्र लिखा है तो इस संबंध में हमारी ओर से स्वीकृति प्रदान की जाएगी और निर्माण के लिए बजट तैयार कराया जाएगा।