आगरा: पुलिस चौकी से 100 मीटर दूरी पर शिक्षक के घर में 25.50 लाख की चोरी, सोता रहा परिवार
आगरा में चोरों ने एक बार फिर सुरक्षा व्यवस्था को धता बताते हुए चोरी की वारदात को अंजाम दिया। बेखौफ चोरों ने पुलिस चौकी से 100 मीटर की दूरी पर शिक्षक के घर को घर को निशाना बनाया और 24 लाख रुपये के जेवरात और नकदी चोरी कर ले गए। पुलिस घटना की जांच में जुटी है।
विस्तार
आगरा की अवधपुरी पुलिस चौकी से 100 मीटर की दूरी पर स्थित ज्वालापुरी कालोनी में शुक्रवार रात को चोरों ने शिक्षक के घर से 24 लाख रुपये के जेवरात और 1.5 लाख रुपये चोरी कर लिए। चोरी से पहले शिक्षक के पिता पर बेहोशी का स्प्रे भी कर दिया। इससे उन्हें चोरी का पता नहीं चल सका। पुलिस ने मौका मुआयना किया है। परिजनों ने पुलिस चौकी के पास चोरी की वारदात से पुलिस की सक्रियता पर सवाल उठाए हैं।
अवधपुरी स्थित ज्वालापुरी में चोरों ने शुक्रवार रात को शिक्षक हरेंद्र सिंह के घर को निशाना बनाया। चोर 24 लाख रुपये के सोने के जेवरात और 1.5 लाख रुपये नकद चोरी करके ले गए। घटना की जानकारी परिवार के लोगों को रात तीन बजे हो सकी। पुलिस और फोरेंसिक एक्सपर्ट की टीम ने जांच की है।
हरेंद्र सिंह बिचपुरी ब्लॉक के प्राथमिक विद्यालय में तैनात हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि शुक्रवार को पत्नी नीतू और दो बच्चे एक कमरे में सो रहे थे। बरामदे में कूलर चलाकर पिता सोनपाल सो रहे थे। मंदिर वाले कमरे का गेट खुला हुआ था। रात एक बजे तक परिवार के लोग जागे थे। इसके बाद नींद लग गई।
रात तीन बजे चला घटना का पता
रात तकरीबन तीन बजे हरेंद्र की बेटी जागी। वह दूसरे कमरे में गुडनाइट लेने जा रही थी। तभी देखा कि गेट बाहर से बंद है। इस पर बेटी ने पिता को जगाया। वह दूसरे गेट से बाहर निकले। बाहर आकर देखा कि मुख्य दरवाजा खुला हुआ था। उन्होंने पिता को बताया। इस पर चोरी का पता चला।
हरेंद्र ने बताया कि रात में गर्मी की वजह से पिता बरामदे में बनी खिड़की को खोलकर सोते हैं। आशंका है कि चोरों ने दीवार फांदकर अंदर प्रवेश किया होगा। बरामदे का भी गेट लगा रहता है। बरामदे में आने के लिए खिड़की से हाथ डालकर गेट की कुंडी खोली होगी। कूलर की तेज आवाज होने की वजह से खटपट की आवाज नहीं सुनी जा सकी।
मथुरा: बैंक में चोरी को कोशिश, गार्ड ने दो महिलाओं को रंगेहाथ पकड़ा, अंगुलियों पर लगा था ब्लेड
चोर अलमारी के गेट को तोड़कर 50 तोले सोने के जेवरात और 1.5 लाख रुपये चोरी करके ले गए। सोने की कीमत तकरीबन 24 लाख रुपये है। सीओ लोहामंडी सौरभ सिंह ने बताया कि डाग स्क्वैड और फोरेंसिक एक्सपर्ट की टीम से जांच कराई गई है। कालोनी में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज चेक किए जा रहे हैं।
पिता पर कर दिया बेहोशी का स्प्रे
हरेंद्र सिंह का कहना है कि पिता बरामदे में ही सो रहे थे। मगर, उन्हें चोरी का पता नहीं चल सका। जगाने पर भी वो देर से जागे। आशंका है कि उन पर चोरों ने बेहोशी का स्प्रे कर दिया होगा, जिससे उन्हें होश नहीं रहा। पुलिस चौकी 100 मीटर की दूरी पर ही है। उनके घर से ही नजर आती है। इसके बावजूद चोरी हो गई। आरोप लगाया कि पुलिस ने शाम तक मुकदमा दर्ज नहीं किया था। राज्य एससी-एसटी आयोग के अध्यक्ष डा. रामबाबू हरित भी पहुंच गए।