आगरा। पश्चिमपुरी, सिकंदरा स्थित हिलमैन पब्लिक स्कूल के इनडोर सभागार में ताइक्वांडो फेडरेशन ऑफ इंडिया के तत्वावधान में उत्तर प्रदेश ताइक्वांडो संघ एवं जिला ताइक्वांडो संघ के सहयोग से राष्ट्रीय निर्णायक (फाइट) नवप्रशिक्षण एवं पुनर्प्रशिक्षण संगोष्ठी हो रही है। दूसरे दिन शनिवार को निष्पक्ष निर्णय के महत्व पर प्रशिक्षण दिया गया।
जिला ताइक्वांडो संघ के महासचिव मास्टर पंकज शर्मा ने बताया कि संगोष्ठी में आंध्र प्रदेश के अंतरराष्ट्रीय निर्णायक संतोष श्रीरंगम ने निर्णायकों को निष्पक्षता, निडरता और पारदर्शिता के साथ निर्णय देने का प्रशिक्षण दिया। कहा कि खिलाड़ी पूरे वर्ष कठिन परिश्रम और नियमित अभ्यास के बाद प्रतियोगिता में उतरते हैं, इसलिए किसी भी निर्णय में पक्षपात की कोई गुंजाइश नहीं होनी चाहिए। हाथों के संकेत और गतिविधियों में स्पष्टता, गति व सटीकता बनाए रखते हुए प्रशिक्षकों और दर्शकों के किसी भी दबाव से मुक्त रहकर निर्णय देना चाहिए। संगोष्ठी में प्रतिभागियों को व्यावहारिक अभ्यास, सैद्धांतिक प्रशिक्षण व प्रोजेक्टर के माध्यम से विश्व स्तर पर ताइक्वांडो फाइट में हुए नवीनतम नियमों और तकनीकी परिवर्तनों की जानकारी दी जा रही है। साथ ही अनुशासन, निष्पक्षता और उच्चस्तरीय निर्णयन कौशल का भी प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इस दौरान प्रभात कुमार शर्मा, अनिल कुमार, सरदार अजय पाल सिंह, डॉ. यूके शर्मा, योगेंद्र वार्ष्णेय, संगीता शर्मा, अविनाश पोखरियाल, अंशु पोखरियाल, संदीप आदि मौजूद रहे।