मैनपुरी में बोले शिवपाल: सपा के खिलाफ चुनाव लड़ेगी प्रसपा, मुलायम सिंह यादव के सामने नहीं उतारेंगे प्रत्याशी
मैनपुरी में शिवपाल सिंह यादव ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी सपा के खिलाफ चुनाव लड़ेगी, लेकिन मैनपुरी सीट से मुलायम सिंह यादव के सामने अपना प्रत्याशी नहीं उतारेंगे।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
प्रगतिशील समाजवादी पार्टी-लोहिया (प्रसपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष पूर्व मंत्री शिवपाल सिंह यादव ने कहा कि मैनपुरी लोकसभा सीट से सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव के खिलाफ प्रसपा चुनाव नहीं लड़ेगी। अगर सपा का कोई और प्रत्याशी लड़ेगा तो प्रसपा उसके सामने चुनाव जरूर लड़ेगी। प्रसपा निकाय और लोकसभा चुनाव पार्टी के चुनाव चिन्ह पर ही लड़ेगी।
प्रसपा अध्यक्ष शिवपाल यादव बुधवार मैनपुरी के कुसमरा पहुंचे। यहां किशनी विधानसभा क्षेत्र के पूर्व अध्यक्ष जगराम सिंह यादव के आवास पर पत्रकारों से वार्ता करते हुए उन्होंने कहा कि प्रसपा का संगठन प्रदेश के सभी जिलों में मजबूती के साथ खड़ा है। पार्टी के कार्यकर्ता और पदाधिकारी पूरी मजबूती से संगठन को आगे बढ़ाने में लगे हैं।
'सभी जिलों में प्रसपा का संगठन तैयार'
उन्होंने कहा कि प्रदेश के सभी जनपदों में प्रसपा संगठन तैयार हो चुका है। प्रसपा के ही कार्यकर्ताओं को पार्टी द्वारा निकाय चुनाव और 2024 के लोकसभा चुनाव में चुनाव लड़ने का मौका दिया जाएगा। बीते लोकसभा चुनाव में मैनपुरी की सीट से सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव जीतकर लोकसभा पहुंचे थे। उनके चुनाव लड़ने पर प्रसपा अपना प्रत्याशी नहीं उतारेगी। सभी पार्टी कार्यकर्ता उन्हें रिकार्ड मतों से जिताकर लोकसभा में भेजेंगे।
शिवपाल ने भाजपा पर साधा निशाना
प्रसपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव ने कहा कि देश और प्रदेश में महंगाई चरम सीमा पर है। युवा बेरोजगार है। महंगाई की तरफ सरकार ध्यान नहीं दे रही है। भाजपा सरकार लोकतंत्र की हत्या कर रही है। प्रसपा ही गांव और गरीब की लड़ाई लड़ रही है। प्रसपा का संगठन गांव स्तर तक तैयार किया जा चुका है। पार्टी के निर्णय कार्यकर्ताओं की राय पर ही लिए जाएंगे।
भ्रष्टाचार के विरोध में छेड़ेंगे आंदोलन
शिवपाल सिंह यादव बुधवार को कुसमरा से इटावा जाते समय किशनी तहसील में चल रहे किसानों के धरने में पहुंच गए। उन्होंने अनिश्चितकालीन धरने पर बैठे भारतीय किसान यूनियन किसान के जिलाध्यक्ष अनुरुद्ध दुबे सहित किसानों से वार्ता की। उन्होंने कहा कि प्रदेश में व्याप्त भ्रष्टाचार के विरोध में आंदोलन छेड़ेंगे।
जिलाध्यक्ष अनुरुद्ध दुबे ने बताया कि क्षेत्र के कई माइनर में पानी न आने, बेसहारा गोवंश, अघोषित विद्युत कटौती, तहसील में भ्रष्टाचार के खिलाफ धरने पर बैठे हैं। तहसील में बिना रिश्वत के कोई कार्य नहीं होता है। तहसील कर्मी जमकर जनता को लूट रहे हैं। परेशान किसान घंटों के हिसाब से इंजन चलवाकर किसी तरह धान की फसल की सिंचाई कर रहे हैं।
शिवपाल सिंह यादव ने कहा कि किसानों व मजदूरों के समर्थन में हमेशा रहे हैं। शिवपाल सिंह प्रसपा नगर अध्यक्ष नितिन यादव के साथ एसडीएम आरएन वर्मा और तहसीलदार विशाल यादव के कक्ष में पहुंचे। दोनों अधिकारियों को किसी प्रकार का भ्रष्टाचार नहीं होने देने को कहा।