फिरोजाबाद: परिवार को बंधक बनाकर किसान यूनियन के कोषाध्यक्ष के घर लाखों की लूट, चंद कदमों पर थी पुलिस चौकी
सवा तीन लाख रुपये की नकदी और 25 लाख के गहने ले गए बदमाश, छानबीन में जुटी पुलिस
विस्तार
फिरोजाबाद में नारखी थानाक्षेत्र के गांव तजापुर में पेट्रोल पंप के मालिक के घर हथियार बंद बदमाशों ने मंगलवार देर रात धावा बोल दिया। परिजनों को बंधक बनाकर बदमाशों ने सवा तीन लाख की नगदी और करीब 25 लाख के गहने लूट लिए। पीड़ित परिजनों और बदमाशों के बीच फायरिंग भी हुई। लेकिन बदमाश मौके से भाग निकले। बुधवार सुबह घटना के खुलासे की मांग को लेकर आक्रोशित ग्रामीणों ने विरोध जताते हुए टूंडला-एटा मार्ग में जाम लगा दिया।
गांव तजापुर में पेट्रोल पंप स्वामी अरुण प्रताप सिंह पुत्र यशपाल सिंह परिवार के साथ कमरे में सो रहे था। मंगलवार की रात मकान की छत पर पड़ा जाल काटकर बदमाश घर के अंदर घुस आए। दरवाजों की बाहर से कुंडी लगाकर परिजनों को बंधक बना दिया। एक अन्य कमरे में रखी तिजोरी तोड़कर सवा तीन लाख की नकदी और 25 लाख के आभूषण लूट लिए। बिजली जाते ही अरुण और उनके परिजन जागे तो दरवाजे बाहर से बंद थे। अरुण ने जंगले के दरवाजा से बाहर देखा तो बदमाश थे। अरुण ने अपने भाई वरुण और पिता यशपाल को भी आवाज लगाकर घर के अंदर बदमाशों के होने की सूचना दी। जगार होने पर बदमाश छत के रास्ते से भाग निकले।
वरुण किसी तरह से अपने कमरे का दरवाजा खोलकर बाहर निकला और पिता और भाई के कमरे का दरवाजा खोलने के साथ ही बदमाशों का पीछा किया। इस दौरान बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। यशपाल ने भी अपनी लाइसेंसी रायफल से गोली चलाई। इस बीच पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। लेकिन बदमाश मौके से भाग जाने में सफल हो गए। सुबह घटना से आक्रोशित लोग चौकी पर एकत्रित हो गए और टूंडला-एटा मार्ग पर जाम लगा दिया।
सूचना पर एसएसपी अशोक कुमार शुक्ल, एसपी सिटी मुकेश चंद्र मिश्र, क्षेत्राधिकारी टूंडला अभिषेक श्रीवास्तव के साथ टूंडला विधायक प्रेमपाल धनगर पहुंच गए। आक्रोशित लोगों को समझाकर जाम खुलवा दिया। पीड़ित अरुण ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ नारखी थाना पुलिस को तहरीर दी है। सीओ टूंडला अभिषेक श्रीवास्तव ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज करा दिया गया है। बदमाशों का पता लगाया जा रहा है।
चौकी से दस मीटर की दूरी पर है घर
अरुण ने बताया कि उसका घर पुलिस चौकी तजापुर से मात्र दस मीटर की दूरी पर है। इसके बाद भी बदमाशों ने बेखौफ होकर घटना को अंजाम दिया। पीड़ित ने बताया कि वह पेट्रोल पंप का मालिक है और घर में ही खाद बीज की दुकान के साथ ही पिता सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य हैं। जबकि अरुण भारतीय किसान यूनियन का प्रदेश कोषाध्यक्ष है।
अधिकारियों द्वारा फोन न उठाने पर फैला था आक्रोश
अरुण ने बताया कि तजापुर चौकी प्रभारी घटना की जानकारी होते ही मौके पर पहुंच गए थे। जबकि दो से ढाई घंटे बाद थानाध्यक्ष नारखी व चार बजे करीब सीओ टूंडला अभिषेक श्रीवास्तव मौके पर पहुंचे थे। इस बीच उन्होंने पुलिस अधिकारियों को फोन भी मिलाया। लेकिन फोन रिसीव नहीं हो सका। सुबह एसएसपी और एसपी सिटी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
नहीं जाती बिजली तो नहीं पता चलती घटना
अरुण का कहना है कि यदि रात करीब एक बजे बिजली नहीं जाती तो शायद समय से न तो घटना की जानकारी होती और न ही बदमाशों की संख्या का पता चलता। बिजली जाने पर ही जगार होने पर घटना की जानकारी हो सकी।
वृंदावन: स्वर्ण हिंडोले में दर्शन दे रहे श्रीबांकेबिहारी, हरियाली तीज पर ब्रज के मंदिरों में उमड़ा आस्था का सैलाब