बरात से पहले बवाल: मथुरा में दूल्हे की घुड़चढ़ी के दौरान जमकर चले लाठी-डंडे, घायल हुआ छह घराती; जानें मामला
दूल्हे की घुड़चढ़ी के दौरान हुए झगड़े से अफरा-तफरी मच गई। इस दौरान लाठी-डंडे चले तो बरातियों को दौड़ लगानी पड़ गई। बमुश्किल मामला शांत हो सका। दोनों पक्षों ने थाने में तहरीर दी है।
विस्तार
मथुरा के थाना मांट क्षेत्र के अंतर्गत नगला भूप सिंह खंड भद्रवन में पुरानी रंजिश को लेकर एक ही परिवार के लोगों में बरात चढ़ने के दौरान झगड़ा हो गया। झगड़े में जमकर लाठी-डंडे चले और मारपीट हो गई। दोनों पक्षों के करीब आधा दर्जन से अधिक घायल हो गए। घायलों को पुलिस ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर भर्ती कराया और दोनों पक्षों ने एक दूसरे के खिलाफ थाना मांट में तहरीर दी है।
ये है मामला
थाना मांट के गांव नगला भूपसिंह में कुमरपाल की बेटी की शादी थी और बारात चढ़कर दरवाजे पर आ रही थी, तभी पुरानी रंजिश को लेकर कुमर पाल और उसके चचेरे भाई चंद्रपाल के बीच झगड़ा हो गया। दोनों तरफ से लाठी-डंडे चले और मारपीट हो गई। शादी के दौरान हुए इस बवाल से अफरा-तफरी मच गई।
ये भी पढ़ें - प्यार नहीं साजिश: आईएएस अधिकारी समझ जीएसटी अधिकारी ने जिस युवती से की शादी, सच पता चला तो छूटे पसीने
दोनों ओर से की गई शिकायत
बताया गया है कि झगड़े में चंद्रपाल की तरफ से एवं उसकी पत्नी श्रीमती, प्रेमवीर, रमेश घायल हो गए, जबकि कुमरपाल की तरफ से कन्हैयालाल, लकमल सिंह आदि घायल हो गए। घायल अपनी-अपनी फरियाद लेकर थाना मांट पहुंचे। पुलिस ने सभी घायलों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मांट पर भर्ती कराया। मांट थाना प्रभारी ने बताया कि दोनों पक्षों ने तहरीर दी है। मामले में जांच पड़ताल की जा रही है।
ये भी पढ़ें - मोबाइल चार्जर ने ली सिपाही की जान: बैरिक में लगा जोरदार करंट, उपचार के लिए ले जाते समय मौत