Mathura: जन्माष्टमी पर श्रद्धालुओं से लूटपाट का था प्लान, मुठभेड़ में पुलिस ने दबोचा शातिर, पैर में लगी गोली
श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर मथुरा और वृंदावन में बड़ी संख्या में आने वाले श्रद्धालुओं की भीड़ में घुसकर स्नेचर पिल्लू ने लूट का प्लान बनाया था, लेकिन उससे पहले ही पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान उसे दबोच लिया। शातिर के पैर में गोली लगी है। उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
मथुरा में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर कृष्णभक्तों के गले से चेन तोड़ने का शातिर चेन स्नेचर पिल्लू का प्लान पुलिस ने धराशायी कर दिया। उससे पहले एसओजी और सर्विलांस ने मांट पुलिस के संग मिलकर मुठभेड़ में 40 हजार रुपये इनामी बदमाश को गिरफ्तार कर लिया। मांट के राधारानी मंदिर के पीछे हुई मुठभेड़ में शातिर के दाहिने पैर में गोली लगी है। फिलहाल उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया है।
शातिर पर आगरा, मथुरा और हाथरस में करीब 49 लूट, चोरी, चेन स्नेचर और नकली नोटों के मुकदमे दर्ज हैं। एसएसपी अभिषेक यादव को सूचना मिली थी कि शातिर चेन स्नेचर मथुरा में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर श्रद्धालुओं के गले से चेन तोड़ने का ताना-बाना बुन रहा है। एसएसपी ने एसएचओ कोसीकलां अनुज कुमार, एसओजी प्रभारी राकेश यादव, सर्विलांस प्रभारी सोनू कुमार के संग मांट एसएचओ ललित भाटी को टॉस्क दिया। एसपी देहात श्रीशचंद ने बताया कि टीम ने मिलकर 40 हजार रुपये के इनामी चांद उर्फ पिल्लू पुत्र रमजानी निवासी नई बस्ती डीगगेट, थाना गोविंदनगर को मुठभेड़ में गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से तमंचा, कारतूस बरामद हुए हैं। उसका एक साथी भाग खड़ा हुआ। जल्द ही इसके गैंग के अन्य सदस्यों को दबोचा जाएगा।
2019 में पिल्लू रकाबगंज पुलिस से मुठभेड़ में हुआ था घायल
एसएसपी अभिषेक यादव ने बताया कि पिल्लू पर मथुरा में शहर कोतवाली में साल 2021 में चेन लूट की वारदात को अंजाम दिया। तब से उस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया। आगरा के थाना रकाबगंज से यह 15 हजार रुपये का इनामी है। इस पर मथुरा में कोतवाली, गोविंदनगर, सदर बाजार, हाईवे और वृंदावन में करीब 23 लूट, चेन स्नेचिंग, अवैध शस्त्र, नकबजनी, मादक पदार्थों की तस्करी, जानलेवा हमला, गुंडा एक्ट, गैंगस्टर एक्ट और आगरा के थाना रकाबगंज, सिंकदरा, न्यू आगरा, ताजगंज में करीब 22 मुकदमे और हाथरस में करीब 4 मुकदमे दर्ज हैं। साल 2019 में थाना रकाबगंज में भी पिल्लू मुठभेड़ में घायल हुआ था। शातिर चेन स्नेचर करीब 155 चेनों को तोड़ चुका है।
30 प्रतिशत पर रखता नए युवा, 70 प्रतिशत लेता खुद
एसओजी प्रभारी राकेश यादव ने बताया कि शातिर चेन स्नेचर 30 प्रतिशत पर नए युवाओं को अपने गैंग में शामिल करता था। उनसे चेन स्नेचिंग और लूट की वारदात कराता था। लूटे हुए माल से 30 प्रतिशत युवाओं को देता था तो 70 प्रतिशत अपने पास रखता था। इसके गैंग में नए युवा, जो कि जरायम की दुनिया में कदम रखने को बेताब होते थे जुड़ जाते थे।