Agra: गैंगस्टर पिता-पुत्रों की 2.89 करोड़ की संपत्ति जब्त, डिब्बों में भरकर बेचते थे नकली मोबिल ऑयल
आगरा में नकली मोबिल ऑयल बनाने वाले तेल माफिया पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। सोमवार को पुलिस ने गैंगस्टर और उसके पुत्रों की ढाई करोड़ से अधिक की संपत्ति को कुर्क कर दिया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
ताजनगरी में ब्रांडेड कंपनी के डिब्बों में नकली मोबिल ऑयल भरकर बेचने का अवैध कारोबार करने वाले मोबिल ऑयल माफिया गैंगस्टर मनोज उर्फ मैनाज उर्फ मैनाजुद्दीन पर पुलिस ने सोमवार को शिकंजा सका। मैनाज, उसके बेटे और पत्नी की चल और अचल संपत्ति को गैंगस्टर एक्ट की धारा 14 (1) के तहत पुलिस ने जब्त कर लिया। मोहल्ले में मुनादी भी कराई गई।
एसपी सिटी विकास कुमार ने बताया कि बेलनगंज निवासी मैनाजुद्दीन एत्माद्दौला क्षेत्र में नकली मोबिल ऑयल का कारखाना चला रहा था। पुलिस ने वर्ष 2020 में छापा मारकर बड़ी मात्रा में नकली मोबिल ऑयल बरामद किया। मामले में धोखाधड़ी, कॉपीराइट एक्ट और कूटरचना के आरोप में मुकदमा दर्ज किया था।
मुकदमे में आरोपी के बेटे नदीमुद्दीन उर्फ शानू और अरबाजुद्दीन उर्फ निक्की भी नामजद थे। आरोपियों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट में मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस ने चल और अचल संपत्ति को चिह्नित करने के बाद जब्तीकरण की कार्रवाई की। मैनाजुद्दीन पर धोखाधड़ी और गैंगस्टर के तीन-तीन मुकदमे दर्ज हैं, जबकि उसके बेटों पर धोखाधड़ी और गैंगस्टर के दो-दो मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस ने कराई मुनादी
एसपी सिटी विकास कुमार ने बताया कि गैंगस्टर एक्ट की धारा 14 (1) के तहत गैंगस्टर की संपत्ति को चिह्नित किया गया था। जिलाधिकारी के आदेश पर जब्तीकरण की कार्रवाई की गई। वह फोर्स के साथ आरोपियों के छत्ता स्थित गली हकीमान स्थित घर में पहुंचे। इस दौरान मुनादी कराई।एसपी सिटी ने कहा कि सुनो, सुनो। मेनाज और उसके बेटों ने अपराध से संपत्ति अर्जित की थी। संपत्ति को जब्त करने की कार्रवाई की जा रही है। जब्त की गई संपत्ति को खरीदा और बेचा नहीं जा सकता। ऐसा करने वाले के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। अपराध से संपत्ति अर्जित करने वालों पर यही कार्रवाई होगी।
यह संपत्ति जब्त की
- गली हकीमान में दो मंजिला आवासीय मकान, 86.89 वर्ग मीटर, कीमत 70 लाख रुपये।- पातीराम गली में आवासीय दो मंजिला मकान, 71.90 वर्ग मीटर, अनुमानित कीमत 75 लाख रुपये।
- पातीराम गली में आवासीय दो मंजिला मकान, अनुमानित कीमत तकरीबन 1.40 करोड़ रुपये।
- बैंक खाता मनोज उर्फ मैनाजउद्दीन आईडीबीआई बैंक में रुपये 6487, एसबीआई के खाते में 24728 रुपये, एक और खाते में 5716 रुपये, पीएनबी के खाते में 1120 रुपये।
- मनोज की पत्नी तहजीब के पीएनबी खाते में 2270 रुपये, जबकि दूसरे खाते में 1,11,525 रुपये जब्त किए गए।
- शानू उर्फ नदीमउद्दीन के केनरा बैंक के खाते में 7646 रुपये, पीएनबी खाते में 10,887 रुपये।
- निक्की उर्फ अरबाजउद्दीन के पीएनबी खाते में 525 रुपये।
- शानू की तीन एक्टिवा और दो बाइक जब्त की गई हैं।
60 से अधिक लोगों के खिलाफ दर्ज हुआ था मुकदमा
ताजनगरी में नकली मोबिल ऑयल का कारोबार छत्ता की जीन खाना गली से संचालित हो रहा था। ऑयल माफिया ने एत्माद्दौला इलाके में अपने कारखाने खोले थे। वर्ष 2020 में पुलिस ने ताबड़तोड़ कार्रवाई की थी। एक के बाद एक मुकदमे दर्ज किए गए थे। 10 से अधिक मुकदमों में 60 से अधिक आरोपी बनाए गए थे। आरोपियों गिरफ्तारी की गई थी। मुकदमे छत्ता, एत्माद्दौला, ताजगंज थाने में दर्ज किए गए थे।पूर्वांचल के जिलों में नकली ऑयल की सप्लाई
आरोपी पुराना ऑयल खरीदते है। उसे साफ करने के बाद ब्रांडेड कंपनी के डिब्बों भरते हैं। सबसे ज्यादा ऑयल की सप्लाई पूर्वांचल के जिलों में हो रही थी। मिस्त्री और दुकान भी ज्यादा कमीशन के लालच में खरीदते हैं। ग्राहकों को पता नहीं चलता है। उनसे असली की तरह रकम वसूल की जाती है। नकली ऑयल डलने से इंजन कुछ दिन बाद काम करना बंद कर देता है।अब तक इन पर हुई कार्रवाई
1. विष्णु प्रकाश रावत (कहरई, ताजगंज) की 24.51 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त।2. राजेंद्र उर्फरज्जो जैन (पथवारी, छत्ता) की 6.80 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त।
3. अमित मित्तल (पंचवटी कॉलोनी) की 2.35 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त।
4. किशन कुमार अग्रवाल (लोहिया नगर, बल्केश्वर) की 1.45 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त।
5. चंद्रकांत गुप्ता उर्फ पंकज गुप्ता (तेज नगर, कमला नगर) की 1.28 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त।
6. राकेश कुमार (मूरहरा, एत्मादपुर) की 83.35 लाख रुपये की संपत्ति जब्त।
7. अनिल द्वारिका उर्फ अनिल सिंधी (काला महल, छत्ता) की 80 लाख रुपये की संपत्ति जब्त।
8. सूर्यकांत गुप्ता (तेज नगर, कमला नगर) की 67.95 लाख रुपये की संपत्ति जब्त।
9. संजीव कुमार गुप्ता (न्यू आदर्श नगर) की 37.94 लाख रुपये की संपत्ति जब्त।
10. भाव सिंह (डॉक्टरपुरा, फतेहाबाद) की पांच लाख रुपये की संपत्ति जब्त।
11. शिवराम (जटपुरा, फतेहाबाद) की 60 हजार रुपये की संपत्ति जब्त।
12. हेत सिंह (फतेहाबाद) की 30 हजार रुपये की संपत्ति जब्त।
13. मंटोला में पुलिस प्रशासन की टीम ने सट्टेबाज आरिफ उर्फ गुड्डू उर्फ शब्बीर की 3.40 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त।
14. सनी और सारिक अहमद की 3.5 करोड़ रुपये की संपत्ति को कुर्क किया गया।
(अप्रैल 2021 से लेकर जून 2022 में अब तक की कार्रवाई)
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.