कासगंज। शारदीय नवरात्र पर्व के दूसरे दिन रविवार को भक्तों ने माता के मंदिरों में पहुंच कर मां के द्वितीय स्वरूप ब्रह्मचारिणी का पूजन किया। भक्तों ने माता को पूजा सामग्री समर्पित कर मनौती मांगी। ठंडी सड़क स्थित माता चामुंडा देवी मंदिर पर सबसे अधिक भीड़ उमड़ी। सुबह से ही मंदिर पर लंबी-लंबी कतारें लग गई। ऐसे में भक्तों को अपनी-अपनी बारी का इंतजार करना पड़ा।
हुलका मंदिर, पथवारी मंदिर, मालगोदाम रोड स्थिति मंदिर, प्रभुपार्क स्थित चामुंडा देवी मंदिर, संतोषी माता मंदिर, शीतला माता मंदिर, प्रभुपार्क स्थित माता संतोषी मंदिर, माता चामुंडा मंदिर, खेरिया गली स्थित माता काली मंदिर सहित अन्य मंदिरों पर भी भक्तजन पूजा अर्चना को पहुंचे। मान्यता है कि ब्रह्मचारिणी देवी ज्ञान, वैराग्य और ध्यान की देवी हैं। इनकी पूजा करने से ज्ञान और विद्या में वृद्धि होती है।