Mainpuri: वृद्धा को दिया कार से घर छोड़ने का लालच, बीच रास्ते में नकदी और जेवर लूट कर फरार हुए बदमाश
जिले में एक वृद्धा को अंजान लोगों की मदद का प्रस्ताव स्वीकार करना महंगा पड़ गया। जिन कार सवारों ने वृद्धा को घर छोड़ने का लालच दिया, वो लुटेरे निकले। वृद्धा को कार में बिठाने के बाद नकदी और जेवर लूट लिए। विरोध करने पर बीच रास्ते में वृद्धा को छोड़कर फरार हो गए।
विस्तार
मैनपुरी के भोगांव में कार सवार बदमाशों ने एक वृद्ध महिला को अपना शिकार बनाया। बेटी के घर से लौट कर आ रही एलाऊ क्षेत्र की रहने वाली वृद्धा को बदमाशों ने घर तक छोड़ने की बात कह कर कार में बैठा लिया। रास्ते में नकदी और जेवर लूटने के बाद रास्ते में उतार कर भाग गए। इस मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
थाना एलाऊ क्षेत्र के गांव रंपुरा निवासी द्रोपा देवी (70) सोमवार को जनपद फिरोजाबाद के नगला टीले स्थित पुत्री की ससुराल से घर वापस लौट रहीं थीं। उन्होंने बताया कि दोपहर करीब दो बजे वह थाना क्षेत्र में पडुआ चौराहा के पास पहुंची। वहां से वह घर जाने के लिए किसी वाहन का इंतजार कर रहीं थीं। तभी सफेद रंग की एक कार उनके पास आकर रुकी। उसमें बैठे चार लोगों ने वृद्धा से कहा कि वह उन्हें गांव तक छोड़ देंगे। कार सवार लोगों की बातों में आकर वृद्धा कार में बैठ गईं।
विरोध करने पर बीच रास्ते में उतारा
द्रोपा देवी ने बताया कि पडुआ चौराहा से कुछ आगे चलने के बाद कार में बैठे चार बदमाशों ने उसके कुंडल व बैग में रखे छह हजार रुपये निकाल लिए। विरोध कर रही वृद्धा को रास्ते में उतार कर बदमाश वहां से भाग गए। वृद्धा को रोता देख आसपास लोगों की भीड़ एकत्र हो गई, जिसके बाद मामले की सूचना पुलिस को भी दी गई। वहीं पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।
वृद्ध महिला से जुटाई जा रही जानकारी
प्रभारी निरीक्षक रविंद्र बहादुर ने बताया कि घटनास्थल का निरीक्षण किया गया है। वृद्धा कार सवार बदमाशों के बारे में बहुत कुछ नहीं बता पा रही हैं। पुलिस जल्द ही बदमाशों को गिरफ्तार कर लेगी। वृद्ध महिला से घटना के बारे में और भी जानकारी जुटाई जा रही है।