Mainpuri Bypoll: मैनपुरी में बोले असीम अरुण- कन्नौज की तरह यहां भी सपा के ताबूत में ठोंक दें आखिरी कील
राज्यमंत्री असीम अरुण ने बुधवार को किशनी विधानसभा क्षेत्र में कई नुक्कड़ सभाओं को संबोधित किया। उन्होंने भाजपा प्रत्याशी के लिए वोट मांगे तो सपा पर निशाना साधा।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
मैनपुरी लोकसभा उपचुनाव के लिए भाजपा के दिग्गज नेता और मंत्री जोर-शोर से प्रचार में जुटे हुए हैं। इसी कड़ी में बुधवार को कन्नौज सदर से विधायक एवं राज्यमंत्री असीम अरुण ने जिले में कई सभाएं की। किशनी के मोहल्ला गढ़ी में चुनावी नुक्कड़ सभा को संबोधित करते हुए असीम अरुण ने कहा कि जिस प्रकार आपने कन्नौज से मुझे विधायक बनाकर मंत्री बनाया। उसी तरह मैनपुरी में भी सपा के ताबूत में आखिरी कील ठोंकने का काम करें।
उन्होंने कहा कि परिवारवाद की राजनीति को जड़ से खत्म करें और राष्ट्रवाद को आगे बढ़ाएं। राज्यमंत्री ने कहा कि बुलडोजर बाबा की सरकार में अपराधियों की जगह या तो जेल में है या परलोक। महिलाओं व गरीबों पर उत्पीड़न सहन नहीं किया जाएगा। यहां राज्यमंत्री असीम अरुण का चेयरमैन अनिल मिश्रा, सभासद जितेंद्र अंबेडकर ने माला पहनाकर स्वागत किया।
'सपा के लोग वोट के लिए लगा रहे बाबा साहब का जयकारा'
कुसमरा क्षेत्र के नगला भूपति में नुक्कड़ सभा में राज्यमंत्री ने कहा कि आज बाबा साहब भीमराव अंबेडकर के नाम का जयकारा लगाकर सपा के लोग अनुसूचित जाति का वोट लेना चाहते हैं। इससे पहले जब ये लोग सरकार में थे, तब कभी उन्हें याद नहीं किया। देश-प्रदेश में भाजपा ही एक ऐसी पार्टी है, जिसने बाबा साहब को भारत रत्न देने की बात कही।
उन्होंने कहा कि कल तक एक दूसरे पर कीचड़ उछालने वाले आज वोट की खातिर किस प्रकार एक हो गए हैं। जनता समझ चुकी है कि भारतीय जनता पार्टी के अलावा उनका अन्य कहीं भला नहीं है। असीम अरुण ने शमशेरगंज, हुसैनपुर, खददरा, बुढ़ौली, बंशरमऊ, नगला बख्ती, रामनगर, जगतपुर, कुंदनपुर आदि में नुक्कड़ सभाएं कर भाजपा प्रत्याशी रघुराज सिंह शाक्य के समर्थन में लोगों से वोट करने की अपील की।