Agra Crime: रिफाइंड कंपनी एजेंसी के सेल्सकर्मी से लूट, दो बदमाशों ने हाईवे पर दिया वारदात को अंजाम
सेल्सकर्मी बाजार से कलेक्शन करके लौट रहा था, तभी अपाचे बाइक सवार दो बदमाशों ने तमंचे के बल पर उसे रोक लिया। उससे रकम लूटने के बाद बदमाश मौके से फरार हो गए।
विस्तार
आगरा-कानपुर हाईवे स्थित गांव भागूपुर के फ्लाई ओवर पर मंगलवार की शाम बाइक सवार बदमाशों ने चंबल रिफाइंड तेल एजेंसी के सेल्समैन से तमंचे के बल पर 1.39 लाख रुपये लूट लिए। सेल्समैन एत्मादपुर बाजार से भुगतान लेकर आ रहा था। सूचना पर पहुंची पुलिस बदमाशों की तलाश में सीसीटीवी फुटेज खंगालने में जुटी, लेकिन लुटेरों का पता नहीं चला।
यहां का है मामला
पीड़ित तरुण हरजानी निवासी कालामहल, आगरा ने बताया कि उसकी खंदौली के पोइया गांव स्थित चंबल रिफाइंड की फर्म है। मंगलवार की शाम करीब 4:30 बजे सेल्समैन कपिल देव शर्मा निवासी प्रकाश नगर, नुनिहाई, भुगतान लेकर एत्मादपुर बाजार से आ रहा था। भागूपुर फ्लाई ओवर पर पीछे से आए बाइक सवार दो बदमाशों ने ओवरटेक कर उसे रोका और तमंचा दिखा कर बैग लूटकर फरार हो गए। बैग में 1.39 लाख रुपये व मोबाइल फोन था। घटना की सूचना पर एसपीआरए सत्यजीत गुप्ता, सीओ रवि कुमार पहुंच गए। पुलिस ने हाईवे के आसपास की दुकानों पर लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाला।
ये भी पढ़ें - Etah Crime: कोचिंग जा रही पत्नी की पति ने काट दी उंगली, दो साल पहले हुई थी शादी
सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस
थाना प्रभारी एत्मादपुर सर्वेश कुमार ने बताया कि सेल्समैन से लूट हुई है। बदमाशों की तलाश के लिए टीम आस पास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। अभी लुटेरों का कुछ पता नहीं चल सका है।