मथुरा: फोन पर मंगेतर बोला- दहेज लेकर आना, युवती ने जहर खाकर दी जान, दो मई को होनी थी शादी
युवती की शादी भरतपुर जनपद के युवक से तय हुई थी। आरोप है कि सगाई के बाद से लड़के वाले दहेज की मांग करने लगे थे। इससे तंग आकर युवती ने शुक्रवार को जहर खा लिया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
मथुरा के सौंख क्षेत्र में सगाई होने के बाद लड़का पक्ष की तरफ से दहेज की मांग से तंग आकर युवती ने जहर खा लिया। परिजनों ने युवती को अस्पताल में भर्ती कराया। वहां उपचार के दौरान युवती ने दम तोड़ दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
थाना मगोर्रा के गांव पाली निवासी अशोक कुमार की 19 वर्षीय पुत्री सुहानी की सगाई चार माह पूर्व भरतपुर के थाना बयाना के गांव खेड़ली गढ़ा आशिया निवासी विश्वेंद्र पुत्र साहब सिंह से सगाई हुई थी। दो मई को शादी होनी थी। परिवार के लोग शादी की तैयारी में जुटे थे।
मंगेतर के फोन कॉल के बाद खाया जहर
आरोप है कि पिछले कई दिनों से सुहानी के परिजनों से लड़का पक्ष की शादी में दहेज की मांग लगातार की जा रही थी। शुक्रवार को परिजन खेत पर गेहूं की फसल काटने गए थे। इसी दौरान मंगेतर विश्वेंद्र ने सुहानी को फोन किया और उससे शादी में दहेज लाने को कहा। आरोप है कि दहेज न देने पर बारात न लाने की धमकी दी।
दहेज की मांग से तंग आकर युवती ने जहर खा लिया। उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। युवती की मौत से शादी की खुशियां मातम में बदल गई। ग्रामीण महीपाल सिंह ने बताया कि शादी में लड़का पक्ष की तरफ से अतिरिक्त दहेज की मांग की जा रही थी।
इसी कारण सुहानी ने जहर खा लिया। उसकी मौत हो गई। थाना प्रभारी सुशील कुमार योगी का कहना है कि युवती ने जहर खा लिया था। उपचार के दौरान मौत हो गई है। युवती के शव को पोस्टमार्टम को भेजा गया। शादी में लड़के के की ओर से दहेज मांग की थी, इसकी जांच की जाएगी।