आगरा: कोरोना से पूर्व मंत्री नारायन सिंह सुमन का निधन, दो दिन पहले पत्नी-बेटी की हुई थी मौत
पूर्व कैबिनेट मंत्री के परिवार पर कोरोना काल बनकर टूटा। तीन दिन में नारायन सिंह सुमन, उनकी पत्नी और बेटी की मौत हो गई।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
आगरा में कोरोना वायरस की दूसरी लहर का कहर थम नहीं रहा। हालात यह है कि परिवारों पर कोरोना काल बनकर टूट रहा है। शुक्रवार की सुबह पूर्व मंत्री नारायन सिंह सुमन का निधन हो गया है। वह कोरोना से संक्रमित थे। दिल्ली के एक अस्पताल में उनका उपचार चल रहा था। उनके परिवार में तीन दिन में तीसरी मौत है।
बुधवार की रात पूर्व मंत्री की पुत्री सुभद्रा उर्फ बबली के हृदय गति रुकने से मौत हो गई, जबकि पत्नी कलावती सुमन का निधन भी दो दिन पूर्व हो गया था। नारायन सिंह सपा के राष्ट्रीय महासचिव व पूर्व सांसद रामजीलाल सुमन के छोटे भाई हैं। रामजीलाल भी कोविड संक्रमण के चलते अस्पताल में भर्ती हैं।
पूर्व मंत्री नारायन सिंह का पैतृक निवास हाथरस जिले के सादाबाद में है। बताया जाता है कि उनका अंतिम संस्कार पैतृक गांव सादाबाद में होगा। पूर्व मंत्री की पत्नी कलावती एत्मादपुर से जिला पंचायत सदस्य रह चुकी हैं। पूर्व मंत्री, उनकी पत्नी और बेटी के निधन से उनके रिश्तेदारों में शोक की लहर है।
आगरा में सात दिन में 25 मरीजों की मौत
आगरा में कोरोना वायरस की दूसरी लहर संक्रमितों के लिए जानलेवा साबित हो रही है। पहली बार गुरुवार को 24 घंटे में पांच मरीजों की मौत हो गई। पिछले सात दिन में 25 मरीज दम तोड़ चुके हैं। इससे कुल मृतकों की संख्या 208 हो गई है। 546 नए मरीज मिलने से एक्टिव केस भी 3746 हो गए हैं।
जिले में एक्टिव केस 3746 हो गए हैं। कुल संक्रमितों का आंकड़ा 15602 पहुंच गया है। जिनमें 11648 मरीज ठीक हो चुके हैं। गुरुवार तक 7.03 लाख लोगों की कोरोना जांच हो चुकी है। संक्रमितों के स्वस्थ होने की दर 24 घंटे में 76 फीसदी से घटकर 74.66 फीसदी रह गई है। लगातार एक्टिव केस बढ़ने ने इलाज के इंतजाम भी चरमरा रहे हैं।
आगरा के अस्पतालों का हाल: एक ने भगाया, दूसरे ने भर्ती नहीं किया, तीसरे ने मांगी कोरोना रिपोर्ट