पटियाली। क्षेत्र के ग्राम नरदौली में मंगलवार की दोपहर पांच झोंपड़ियों में आग लग गई। जिससे उनमें रखी 93 हजार रुपये की नकदी, आभूषण, घरेलू सामान आदि जल गया। ग्रामीणों ने मशक्कत के बाद आग को बुझाया। क्षति के आकलन के लिए राजस्वकर्मी पहुंच गए।
ग्राम नरदोली निवासी राजवीर की झोंपड़ी में अज्ञात कारणों से अचानक ही आग लग गई। परिजन चीख पुकार करने लगे। उनकी आवाजों को सुनकर ग्रामीण एकत्रित हो गए, लेकिन तब तक आग की लपटों ने पड़ोस के जयसिंह, तेजपाल, विनीत व रामवीर की झोंपड़ियों को अपनी चपेट में ले लिया। ग्रामीण बाल्टी, पंपसेट आदि से आग को बुझाने में जुट गए। झोंपड़ियों में लगी आग को ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद बुझाया गया। लेकिन तब राजवीर की झोंपड़ी में रखे 28 हजार, मोटरसाइकिल, आभूषण, कपड़े, गल्ला, बर्तन, कृषि यंत्र, साइकिल आदि सामान जल गया। जयसिंह की झोंपड़ी में रखे 20 हजार रुपये, कपड़े, गल्ला आदि समान जल गया। तेजपाल की झोंपड़ी में रखें 30 हजार रुपये, कपड़े, गल्ला, साइकिल, बर्तन व अन्य घरेलू सामान जल गया। विनीत की झोंपड़ी में रखे 15 हजार रुपये, गल्ला, बिस्तर, कृषि यंत्र आदि सामान जल गया। रामवीर की झोंपड़ी में रखे कृषि यंत्र व एक ट्रैक्टर जल गया। ग्रामीणों ने आग लगने की घटना की जानकारी उपजिलाधिकारी रवींद्र कुमार एवं नायब तहसीलदार अरविंद कुमार को दी। उपजिलाधिकारी ने राजस्व निरीक्षक रमेश बाबू, लेखपाल अमर सिंह को मौके पर भेजकर क्षति का आकलन कराया।